लोहिया पुल पर अनियंत्रित बस ने छह लोगों को कुचला
शहर के लोहिया पुल पर अमरपुर से भागलपुर आ रही एक अनियंत्रित बस ने छह लोगों को कुचल दिया। सभी को चोटें आई।
भागलपुर। शहर के लोहिया पुल पर अमरपुर से भागलपुर आ रही एक अनियंत्रित बस ने छह लोगों को कुचल दिया। सभी को चोटें आई। वहीं कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद डर से चालक पुल पर बस को छोड़कर भाग निकला। जानकारी मिलने पर कोतवाली इंस्पेक्टर सह थानेदार केदारनाथ सिंह ने पुलिस बल को मौके पर भेजा। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया। वहीं जिन लोगों का वाहन क्षतिग्रस्त हुआ था, उन लोगों कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
दो दर्जन से ज्यादा लोग बाल बाल बचे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार बस की चपेट में कई लोग आ गए। कुछ ने तो इधर-उधर भाग कर जान बचाई। बस की टक्कर से तीन बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मारूफचक के कमलेश्वरी प्रसाद सिंह ने बताया कि वे अपनी पत्नी को बाइक पर बैठाकर तिलकामांझी जा रहे थे। इसी दौरान पीछे आ रही बस ने बाइक को ठोकर मार दी। धक्का लगते वे लोग बस के नीचे आ गए। किसी तरह लोगों ने उसे बाहर निकाला। वे तरछा उच्च विद्यालय में शिक्षक हैं। घटना में मोजाहिदपुर के मु. आफताब और पन्ना मिल रोड के रहने वाले प्रिटिंग प्रेस संचालक नवल किशोर की भी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई है। मु. आफताब बाइक चला रहा था।
जबकि पीछे मु. साकिब बैठा हुआ था। वहीं प्रिटिंग प्रेस संचालक अपने स्टॉफ फौजी के साथ मोजाहिदपुर से बाजार जा रहे थे। इसके अलावा भी कई छोटे वाहनों को क्षति पहुंची है।
अनियंत्रित ढंग से चला रहा था बस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक झारखंड नंबर की स्टार बस तेज गति से मोजाहिदपुर से बस स्टैंड की ओर जा रही थी। इसी दौरान लोहिया पुल पर तेज गति से निकलने के क्रम में कई बाइक को ठोकर मारते हुए आगे बढ़ गई। हालांकि कुछ लोगों ने यह भी कहा कि शायद गाड़ी का ब्रेक फेल हो गया था। इस कारण हादसा हुआ। बस यात्रियों से खचाखच भरी थी।