Bihar News: तालाब किनारे मिट्टी धंसने से दबीं तीन बहनें, दो की मौत, एक की हालत नाजुक
बिहार के किशनगंज में दो सगी बहनों की मौत हो गई। दोनों तालाब किनारे मिट्टी खोदने गई थी। इसी क्रम में मिट्टी गिरने से दोनों दब गई।
By Dilip ShuklaEdited By: Published: Mon, 23 Mar 2020 03:36 PM (IST)Updated: Mon, 23 Mar 2020 04:13 PM (IST)
किशनगंज, जेएनएन। किशनगंज से पोठिया में दो सगी बहनों की मौत हो गई। दोनों बहनें तालाब किनारे मिट्टी खोदने गई थी। इसी दौरान मिट्टी गिरने से वे दब गईं। दुर्घटना में घायल एक लड़की की हालत चिंताजनक बतायी जा रही है।
पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरूखाल पंचायत के भूतनीपारा फूलहारा गांव में सोमवार सुबह को मिट्टी खोदने के दौरान धंसना गिरने से दो सगी बहनों की दबकर मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त फूलहाड़ा निवासी दुलाल हुसैन की बेटी उरेशा खातून (16) और नूरेसा खातून(12) के रूप में की गई। इस दुर्घटना में मृतका की चचेरी बहन सरजीना खातून गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे इलाज के लिए बंगाल के इस्लामपुर अस्पताल ले जाया गया। एकसाथ दो बेटियों का शव देख मां बाप दहाड़ मारकर रोने लगे। परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। हर कोई मां-बाप व परिजनों को ढ़ांढस बंधाते रहे।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना सोमवार सुबह को उस वक्त घटी जब बच्चियां अपने घर के काम के लिए मिट्टी काटने हेतु एक तालाब के समीप गई हुई थी। दुलाल हुसैन की बेटी उमेशा व नूरेसा, जाकिर हुसैन की बेटी सरजीना व एक और बच्चा मिट्टी काटने के लिए अपने घर से लगभग एक किलोमीटर दूर तालाब के समीप गई हुई थी। मिट्टी खोदने के दौरान धंसना उमेशा खातून व नूरेसा खातून के शरीर पर मिट्टी का टीला गिर पड़ा। मिट्टी में दबने से दोनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं सरजीना का पैर मिट्टी में पूरी तरह दब गया, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर आ गया। इस दौरान मिट्टी काट रहे चौथे बच्चे ने शोर मचाया और दौड़कर घर वालों को दी इसकी जानकारी दी। जब तक घरवाले और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उमेशा व नूरेसा दम तोड़ चुकी थी और सरजीना छटपटा रही थी। तीनों को मिट्टी से बाहर निकाला गया। बुरी तरह से घायल सरजीना को बंगाल के इस्लामपुर अस्पताल इलाज के लिए ले जाया गया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घर वालों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए अंतिम संस्कार करने की बात कही।
मिट्टी में दबने से दो बच्ची की मौत व एक के घायल होने की सूचना मिली है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार किया है। - वीरेंद्र कुमार सिंह, अंचलाधिकारी पोठिया।
घर में शोक
दोनों बच्चियों की मौत से स्वजनों में शोक है। घर में एक साथ दो शव को देखकर सारे लोग दुखी है। स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। घटना के बाद क्षेत्र के कई जनप्रितिनिधि वहां पहुंचे। सभी ने मृतक के स्वजनों को सांत्वना दी। उनलोगों ने मृतक के स्वजनों को आश्वासन दिया कि उन्हें मुआबजा दिलाया जाएगा। घटना की जानकारी वरीय प्रशासनिक अधिकारी को दी गई है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें