यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 19, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पूर्णिया : सरपंच के पति ने प्रेमिका को थप्पड़ और कोड़े से पीटा, सुनाया यह फरमान, पढ़िए अजीब कहानी
पूर्णिया में शपथ से पहले ही एक सरपंच पति का तालिबानी चेहरा सामने आया है। प्रेम प्रसंग में फरार युवती को अपने आवास पर बुलाकर लड़के को छोड़ने के लिए जबरन दबाव बनाया। युवती के इंकार करने पर संरपच पति ने पहले तो थप्पड़ मारा फिर की कोड़े से पिटाई।

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। पंचायत चुनाव में जीत के बाद अभी सरपंच पद की जीती किरण चौधरी ने शपथ भी नहीं ली है कि उनके पति सुरेन्द्र चौधरी का तालिबानी चेहरा सामने आया है। सरपंच पति सुरेन्द्र चौधरी ने अपने प्रेमी के साथ फरार होने के बाद ना केवल लड़के को छोड़ देने का फरमान जारी किया बल्कि उस लड़के के साथ कोई संबंध नहीं है, यह लिखकर देने को भी कहा।
युवती जब सरपंच पति सुरेन्द्र चौधरी के पैर पकड़कर कहती है वह लड़के के साथ रहना चाहती है तो पहले उसे चमड़ी उतार लेने की धमकी दी जाती है फिर थप्पड़ से मारा जाता है और फिर कौड़े निकाल कर पिटाई की जाती है। इसका वीडियो वारयल होने के बाद हड़कंप मच गया। यह मामला केनगर प्रखंड के गणेशपुर पंचायत का है। सबसे हैरत की बात यह है की इस मामले में न्याय मित्र नवल मंडल भी वीडियो में युवती से जबरन हस्ताक्षर करवाते हुए तथा यह कहते हुए नजर आ रहे हैं की तुम्हारे मां बाप ने हस्ताक्षर कर दिया है तुम भी साइन कर दो कुछ नहीं होगा।
घटना के संबंध में बताया जाता है की केनगर के बैेरगाछी के रहने वाले युवक एवं पास के प्रखंड की एक युवती आपस में प्यार करते थे। वे भाग भी गए लेकिन यह मामला युवक के घरवालों को नागवार गुजरा क्योंकि युवक और युवती दो अलग- अलग जाति के थे। इसके बाद न्याय की उम्मीद में युवती सरपंच के घर पहुंची जहां सरपंच पति का तालिबानी चेहरा सामने आया। एसपी दयाशंकर ने बताया की इस मामले को लेकर जो वीडियो सामने आया है उसको जांच के लिए केनगर थाना भेजा गया है।
वहीं सरपंच पति सुरेन्द्र चौधरी ने बताया की यह सब एक साजिश के तहत उनके साथ किया गया है। उनके यहां लड़की को लाकर योजना के तहत बीडियो तैयार किया गया। इसके बाद रविवार को उनको बैंरगाछी बुलाकर उनके साथ शाम में मारपीट कर जख्मी कर दिया गया। उनके वाहन को भी पिटाई करने वालों ने क्षतिग्रस्त कर छीन लिया वे जान बचाकर वहां से भागे हैं। केनगर थाना प्रभारी विकास कुमार आजाद ने बताया की संरपच पति के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी मिली है। वहीं सरपंच पति का वीडियो भी आया है जिसकी जांच की जा रही है।