PM Modi Virtual Rally: गंगा पर फोर लेन पुल बनने से सुलभ होगा यातायात तो बढ़ेगा व्यापार, सिल्क सिटी की बढ़ेगी चमक
भागलपुर में विक्रमशिला के समानांतर नए पुल के बन जाने से सिल्क सिटी के लोगों को जाम की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी। आवागमन की सुविधा बढऩे से व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे सिल्क सिटी की चमक और बढ़ेगी।
भागलपुर, जेएनएन। नदी पर फोर लेन पुल और बिहपुर-फुलौत एनएच-106 मिसिंग लिंक बनने के बाद यातायात सुलभ हो जाएगा। जाम की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी। आवागमन की सुविधा बढऩे से व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। लोगों ने कुछ इस तरह प्रतिक्रिया जाहिर की है।
टू लेन विक्रमशिला सेतु पर वाहनों का काफी दबाव है। आए दिन जाम से जूझना पड़ रहा है। इसके समानांतर पुल बनने के बाद जाम से लोगों को निजात मिलेगी।
-रूबी दास, बरारी
फोर लेन पुल बनने के बाद यातायात सुलभ होगा। जाम की समस्या का समाधान होगा। चार घंटे में ही लोग पटना पहुंच जाएंगे। वर्तमान में जाम के कारण नवगछिया पहुंचने में ही तीन से चार घंटे लग जाते हैं।
-शबाना आजमी, रंगरा
नया पुल के बनने के बाद विक्रमशिला सेतु पर दबाव कम हो जाएगा। इससे इस सेतु की आयु बढ़ेगी। साथ ही जाम से भी मुक्ति मिल जाएगी। प्रधानमंत्री को इसके लिए धन्यवाद।
माला सिंह, ज्योति विहार कॉलोनी
गंगा पर फोर लेन पुल और बिहपुर-फुलौत एनएच-106 मिसिंग लिंक का शिलान्यास कर प्रधानमंत्री ने भागलपुर के लोगों को बड़ी सौगात दी है। इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद यातायात सुगम हो जाएगा।
-प्रो. कुलदीप प्रसाद सिंह, चाणक्य विहार कॉलोनी।
इन परियोजनाओं के चालू होने के बाद आवागमन की सुविधा होगी। भागलपुर का विकास होगा। व्यापार भी बढ़ेगा। वर्तमान में घंटों जाम की वजह से बाहर के व्यापारी आने से कतराते हैं।
-बेबी चंकी, मुंगेर
विक्रमशिला सेतु की स्थिति अच्छी नहीं है। इसलिए इसके समानांतर पुल की जरूरत है। फोर लेन पुल बनने के बाद लोगों को घंटों जाम में फंसना नहीं पड़ेगा।
-संजीत मजूमदार, सुरखीकल।
व्यापारियों ने भी जताई खुशी
भागलपुर : विक्रमशिला सेतु के समानांतर पुल के शिलान्यास पर खुशी जाहिर करते हुए इस्टर्न बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद अग्रवाल, महासचिव आलोक अग्रवाल और कोषाध्यक्ष रूपेश वैद ने कहा कि फोर लेन पुल के बनने के बाद जाम से निजात मिलेगी। इससे भागलपुर क्षेत्र के उद्योगों को कृषि एवं अन्य कच्चे माल की उपलब्धता आसान हो जाएगी। भागलपुर के व्यापारियों व उद्यमियों को कोसी एवं सीमांचल का बड़ा बाजार उपलब्ध हो जाएगा। इसका प्रत्यक्ष लाभ इस क्षेत्र के व्यापार और उद्योग को मिलेगा।