Offensive comment से परेशान TMBU की छात्राएं; जूलॉजी छात्रा ने की शिकायत तो दारोगा ने झाड़ियों में तैनात किया गार्ड
TMBU Girl Students Harassed Offensive Comments: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) परिसर में छात्राओं को मनचलों द्वारा अभद्र टिप्पणियों से परेशान ...और पढ़ें

TMBU Girl Students Harassed Offensive Comments: टीएमबीयू की छात्रा की शिकायत पर पहुंचे दारोगा। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
टीएमबीयू परिसर में छात्राओं को मनचलों द्वारा परेशान किया जा रहा था।
एक छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।
संवेदनशील रास्तों पर सुरक्षा गार्ड तैनात, पुलिस गश्त बढ़ेगी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। TMBU Girl Students Harassed Offensive Comments: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) परिसर में उच्च शिक्षा हासिल करने आ रहीं छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विश्वविद्यालय के पीजी साइंस ब्लॉक आने-जाने वाली छात्राएं इन दिनों मनचलों द्वारा की जा रही अभद्र टिप्पणियों (ऑफेंसिव कमेंट्स) और अवांछित फब्तियों से बेहद परेशान हैं।
स्थिति यह हो गई है कि कक्षा के समय आने-जाने के दौरान छात्राएं खुद को असुरक्षित और भयभीत महसूस कर रही हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पीजी जूलॉजी विभाग की एक छात्रा ने विभाग के जरिए विश्वविद्यालय प्रशासन को लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस महकमे ने त्वरित कदम उठाया है।
छात्रा की शिकायत मिलते ही स्थानीय पुलिस के दारोगा जांच के लिए सीधे पीजी जूलॉजी विभाग पहुंचे। दारोगा ने विभागाध्यक्ष प्रो. इकबाल अहमद से मुलाकात कर छात्रा द्वारा लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली।
विभागाध्यक्ष ने बताया कि छात्रा ने बीते कई दिनों से रास्ते में अज्ञात युवकों द्वारा लगातार पीछा करने, फब्तियां कसने और डराने-धमकाने की शिकायत की थी। विभागाध्यक्ष ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल लिखित आवेदन छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष (डीएसडब्ल्यू) को भेजा और पुलिस को भी स्थिति से अवगत कराया।
झाड़ियों और वीरान रास्ते का फायदा उठा रहे असामाजिक तत्व
टीएमबीयू के साइंस ब्लॉक में पीजी बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स और जूलॉजी विभाग संचालित होते हैं, जहां रोजाना सैकड़ों छात्राएं अपनी कक्षाओं और लैब प्रैक्टिकल के लिए पहुंचती हैं। छात्राओं का कहना है कि टीएनबी कॉलेज परिसर की ओर से होकर पीजी जूलॉजी विभाग की तरफ आने वाला रास्ता काफी सुनसान है।
रास्ते के दोनों किनारों पर बड़ी-बड़ी झाड़ियां और जंगलनुमा माहौल बना हुआ है। विरानगी का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्व और मनचले इन झाड़ियों की आड़ में खड़े हो जाते हैं और अकेली गुजरने वाली छात्राओं पर अश्लील व अभद्र टिप्पणियां कसते हैं। कई बार छात्राओं ने डर के मारे रास्ता तक बदलने का प्रयास किया, लेकिन मनचलों की हरकतें लगातार बढ़ती गईं।
दारोगा ने लिया जायजा, संवेदनशील रास्ते पर लगा सुरक्षा पहरा
विभागाध्यक्ष प्रो. इकबाल अहमद ने मामले की तहकीकात करने पहुंचे दारोगा से छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय या बड़ी वारदात के घटित होने से पहले ही सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जाना बेहद जरूरी है।
दारोगा ने पूरे रास्ते का भौतिक मुआयना किया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इसके बाद तत्काल प्रभाव से झाड़ियों वाले उस संवेदनशील रास्ते पर सुरक्षा गार्ड की प्रतिनियुक्ति करा दी गई है। साथ ही पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि कक्षाओं के समय इस मार्ग पर नियमित पुलिस गश्त भी बढ़ाई जाएगी, ताकि असामाजिक तत्वों को पकड़ा जा सके और छात्राएं बिना किसी डर के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
