TMBU के कुलपति बने विभाष चंद्र झा, जानिए... क्या है उनकी प्राथमिकता Bhagalpur News
पांच नवंबर 2018 को TMBU के कुलपति प्रो डॉ नलिनी कांत झा के निधन के बाद से इस विवि में कुलपति का प्रभार प्रो डॉ लीला चंद्र साह के पास है। अब यहां स्थाई कुलपति मिल गया।
भागलपुर [जेएनएन]। राज्यपाल लाल जी टंडन ने तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के कुलपति पद पर प्रो. विभाष चंद्र झा को नियुक्त किया है। राज्यपाल ने बिहार राज्य विवि अधिनियम-1976 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए सर्च कमेटी की अनुशंसा पर प्रो. झा को तीन साल के लिए कुलपति पद पर बहाल किया है। इसकी अधिसूचना कुलाधिपति कार्यालय ने जारी कर दी। हालांकि राज्यपाल का तबादला मध्य प्रदेश हो चुका है। ऐसे में उनके द्वारा की गयी इस नियुक्ति को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी होने लगी हैं।
समय पर हो परीक्षाएं
तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के अधिसूचित कुलपति प्रो. विभाष चंद्र झा शैक्षणिक गतिविधियों को गति देंगे। सत्र को नियमित करते हुए समय पर परीक्षाओं का संचालन कराने में विशेष ध्यान रखेंगे।
राजभवन की जारी अधिसूचना की जानकारी प्रो. झा को देर शाम मिली। उन्होंने कहा कि अभी वे विश्व भारती शांति निकेतन में हैं। यहां अवकाश लेने की औपचारिकता पूरा करने के बाद ही भागलपुर में योगदान देंगे। मालूम हो कि कुलपति के पद पर उनकी नियुक्ति तीन वर्ष के लिए हुई है। प्रो. झा ने कहा कि वे एक शिक्षक हैं। शिक्षक की जवाबदेही और जिम्मेदारी वे समझते हैं।
उन्होंने कहा कि भागलपुर विश्वविद्यालय में शैक्षणिक माहौल पहले से अच्छा रहा है। कॉलेजों में छात्र-छात्राएं नियमित रूप से कक्षाओं में आएं। शिक्षकों के ज्ञान का लाभ लें। कॉलेजों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति को सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बीएचयू से बीएससी और एमएससी की डिग्री हासिल की है। बीएचयू से ही पीएचडी की उपाधि ली है। वे कई संस्थाओं में एकेडमिक बोर्ड के सदस्य रहे हैं।
यहां बता दें कि तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के कुलपति प्रो डॉ नलिनी कांत झा (60 वर्ष) का दिल का दौरा पडऩे से पांच नवंबर 2018 को निधन हो गया। वे मूल रूप से बांका के शंभूगंज स्थित तेलडीहा गांव के रहने वाले थे। उनके निधन के बाद से इस विवि के कुलपति के रूप में प्रो डॉ लीला चंद्र साह को प्रभार दिया गया। अभी तक लीला चंद्र साह यहां के प्रभारी कुलपति हैं। वे विभाष चंद्र झा को तिमांविवि में कुलपति का प्रभार सौंपेंगे।