भागलपुर में महिला सहित तीन तस्कर शराब के साथ गिरफ्तार, दो बाइक भी बरामद
भागलपुर में शराब माफिया पर पुलिस लगातार सख्ती कर रही है। पड़ोसी राज्यों के यहां शराब लाए जाते हैं। बिहार में शराबबंदी है। इसके बावजूद यहां प्रतिदिन बाहर से खेप मंगाई जा रही है। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद भी तस्करों को पुलिस का भय नहीं है।
भागलपुर, जेएनएन। सबौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ममलखा के पास एनएच 80 पर शुक्रवार की सुबह तकरीबन 8:00 बजे तीन शराब तस्कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस गश्ती के दौरान घोघा की ओर से दो बाइक आ रही थी। पुलिस ने दोनों बाइक को खड़ा कर जांच की। जांच के दौरान दोनों बाइक से 34 बोतल विदेशी शराब और 60 बोतल देसी शराब बरामद की गई। शराब के साथ नाथनगर के नरका चौक निवासी पंकज मंडल और पूनम देवी साथ ही तिलकामांझी क्षेत्र के सच्चिदानंद नगर निवासी धीरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
सबौर एस एच ओ सुनील कुमार झा ने बताया कि दो बाइक और तीन मोबाइल को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार शराब तस्कर पेशेवर हैं। पहले भी अवैध शराब के कारोबार में जेल जा चुका है । गिरफ्तार महिला का रिश्ते में तस्कर देवर है। शराब झारखंड से लाई जा रही थी और नाथनगर ले जाया जा रहा था। गश्ती के दौरान किए गए जांच में पुलिस को यह सफलता मिली है।
निशानदेही पर छापामारी जारी
गिरफ्तार तस्करों के स्वीकारोक्ति और निशानदेही पर सबौर पुलिस लगातार कई जगहों पर छापामारी में लगी है। संभव है शराब तस्करी से जुड़े अभी कई तस्कर पुलिस के गिरफ्त में आ सकते हैं। कहां छापामारी की जा रही है। इस संबंध में पुलिस कोई जानकारी देने से कतरा रही है। पुलिस की माने तो सफलता के बाद मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।
पुलिस के सामने शराब तस्कर बोला
गिरफ्तार तस्करों ने पुलिस के सामने अपना जुर्म स्वीकार किया है। तस्करों ने कहा कि इस कार्य में बहुत दिनों से जुड़ा हूं। इसके अलावा कोई विकल्प उसके पास नहीं है। उसने कहा कि कई बार इस मामले में जेल जा चुका है। उसने कहा कि जेल से निकलने के बाद इस कार्य के अलावा कोई अन्य कार्य नहीं कर पाता। पुलिस सूत्रों के अनुसार तस्करों के बहुत बड़ा गिरोह शहर में काम कर रहा है। उसने कई सदस्यों का नाम पुलिस को बताया है। बरामद दोनों बाइक झारखंड का बताया जा रहा है। जिसकी तहकीकात पुलिस कर रही है।