हर ओर जाम : विक्रमशिला सेतु पर सुबह से ही लगा है जाम, बाइक चालक भी फंसे Bhagalpur News
ऐसा एक भी दिन नहीं है कि भागलपुर में जाम नहीं लगा हो। विक्रमशिला पुल बाइपास रोड जीरोमाइल भागलपुर कहलगांव मार्ग के अलावा शहर भी जाम की चपेट में है।
भागलपुर [जेएनएन]। विक्रमशिला सेतु पर बुधवार को सुबह से ही जाम लगता रहा। एक ओर से किसी तरह कुछ वाहन निकल रहे थे। लेकिन कुछ ही देर में दोनों ओर जाम लग गया। जाम इतना भीषण कि बाइक पार करना भी मुश्किल हो रहा है। इसी तरह भागलपुर हंसडीहा मार्ग पर भी जाम लगा है। भागलपुर शहर का भी कोई ऐसा मार्ग नहीं बचा है जहां जाम नहीं लगी हो। जो जहां हैं, वहीं जाम में फंसे हैं। अस्पताल जाने वाले मरीजों को भी काफी परेशानी हो रही है। जाम की समस्या लगातार कई माह से भागलपुर में है। विक्रमशिला पुल, भागलपुर हंसडीहा मार्ग के अलावा भागलपुर कहलगांव मार्ग, जीरो माइल आदि मार्ग पर जाम लगा हुआ है।
इससे पहले मंगलवार सुबह नवगछिया की ओर जा रहा एक ट्रक खराब हो गया, जबकि एक पंक्चर हो गया। इस कारण बाइपास तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की जानकारी मिलने पर टीओपी इंचार्ज बबलू कुमार ने ओवरटेक कर रहे वाहन चालकों को फटकार लगाई। तब जाकर वन वे कर धीरे-धीरे वाहनों को पुल पर आगे बढ़ाया गया। करीब डेढ़ घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। जाम के कारण सुबह लंबी दूरी की यात्रा करने वालों लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शाम में भी वाहन खराब होने से हुई परेशानी
शाम को भी विक्रमशिला पुल पर वाहन खराब हो जाने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आगे निकलने की होड़ में वाहन पुल पर फंसते चले गए। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खराब गाड़ी को नवगछिया की तरफ निकाला। वाहन हटाने के बाद परिचालन सामान्य होने में दो घंटे से ज्यादा समय लग गया। मोकामा में राजेंद्र पुल पर भारी वाहनों व व्यवसायिक वाहनों के परिचालन पर रोक के बाद विक्रमशिला सेतु पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में जाम की समस्या बढ़ गई है।