शहर में फरवरी से पहले दूर कर ली जाएगी पेयजल की समस्या, जलजमाव से भी निजात
सशक्त स्थायी समिति की बैठक मेयर सीमा साहा की देखरेख में हुई। बैठक में पेयजल संकट और जलजमाव की परेशानी पर चिंता व्यक्त की गई। इसे दूर करने के लिए योजनाएं बनाई गईं हैं। जानिए....
भागलपुर (जेएनएन)। नगर निगम वासियों को अब पेयजल के लिए ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ेगा। फरवरी से पहले शहर में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। अभी शहर में 19 डीप बोरिंग लगाने का काम चल रहा है। वहीं, 13 और नए बोरिंग के लिए शुक्रवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक में नगर विकास विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है।
सशक्त स्थायी समिति की बैठक मेयर सीमा साहा की देखरेख में हुई। बैठक में सबसे पहले सर्व सम्मति से बिहार नगरपालिका प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन मॉडल विनियमन-2018 का प्रशासनिक स्वीकृति दिए जाने के लिए सदस्यों से विचार किया गया। इसके बाद समिति के सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस पर हरी झंडी दे दी। नगर आयुक्त श्याम बिहारी मीणा ने कहा कि शहर में जलजमाव की समस्या है।
नाले का पानी शहर से बाहर किए जाने पर काम चल रहा है। इस समस्या से निजात के लिए कनीय अभियंता के कार्यों को आर्किटेक्चर द्वारा प्राक्कलन से लेकर निर्माण तक पर्यवेक्षण करेंगे। जिससे शहर के विभिन्न नालों से निकलने वाले गंदे पानी में किसी तरह की बाधा न हो। बैठक में समिति के सदस्य संजय कुमार सिन्हा, संध्या गुप्ता, नजमा खातून, साबिहा रानू, कार्यालय अधीक्षक मु. रेहान अहमद सहित निगम के कर्मी थे।