साथ रहने का बनाया दबाव तो प्रेमी ने प्रेमिका को नदी में फेंका, छह बच्चे का बाप है प्रेमी
गश्ती लगा रही पुलिस ने महिला को बचाया। बंगाल की रहने वाली महिला ने बताया दो साल से दोनों के बीच बातचीत होती थी। फेसबुक पर दोनों में दोस्त हुई।
नवगछिया, जेएनएन। प्रेमिका ने साथ रहने का दबाव बनाया तो प्रेमी ने उसे रास्ते से हटाने के लिए कोसी नदी में फेंक दिया। उस वक्त नवगछिया नदी थाने की पुलिस नदी में गश्ती पर थी, जिसने महिला को डूबने से बचा लिया। बाबा विशुराउत पुल से नीचे फेंके जाने के कारण वह जख्मी हो गई थी। पश्चिम बंगाल की रहने वाली संजू देवी ने मधेपुरा के बभनगामा, बिहारीगंज निवासी अरविंद पासवान पर केस किया है। वह को खुद को अरविंद की दूसरी पत्नी बताती हैं। अरविंद झोलाछाप डॉक्टर है।
सोशल साइट पर चैटिंग के जरिए एक-दूसरे के आए थे करीब
संजू ने पुलिस को बताया कि सोशल साइट पर चैटिंग के जरिए एक-दूसरे के करीब आए थे। बीते दो सालों से अरविंद के साथ मधेपुरा के बिहारीगंज में किराए के मकान में रह रही थी। हाल के महीनों में वह काम की अधिकता बताकर कई दिनों से घर नहीं आ रहा था। पूछने पर बात को टाल देता। इसी बीच पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। उसकी पत्नी सोनी देवी को भी इसकी भनक लग गई, जिसके बाद घर में रोज विवाद होने लगा। सोनी से अरविंद के छह बच्चे हैं।
फोटो खींचने के बहाने पुल की रेलिंग पर बिठाया
संजू ने बताया कि रविवार की दोपहर अरविंद अपने चचेरे साला मनीष के साथ मुझे घुमाने के बहाने बाइक से नवगछिया कदवा लेकर आया। लौटने के दौरान रात में बाबा विशुराउत सेतु पर बाइक खराब होने की बात कह पैदल चलने को कहा। इसी बीच फोटो खींचने के बहाने मुझे पुल की रेलिंग पर बिठा दिया और धक्का देकर कोसी नदी में फेंक दिया। नदी की धारा में एक मोटी लकड़ी मिली, जिसके सहारे मैं बहती जा रही थी और शोर मचा रही थी। शोर सुन पुलिस आई और मुझे डूबने से बचा लिया।
शराब तस्करी मामले में जब्त नाव को लेकर नदी मार्ग से थाने लौटे रहे थे। उसी समय मदरौनी गांव के समीप एक महिला की बचाओ-बचाओ की आवाज सुनी। वह नदी में लकड़ी के सहारे बहती जा रही थी। पुलिस बल के सहयोग से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।- मुहम्मद मकबूल, नदी थानाध्यक्ष नवगछिया