चार दिनों से लापता छात्रा का शव कुआं में मिला
काजल शनिवार से ही लापता थी। चार दिनों से आसपास के कई गांवों में जाकर उसकी खोजबीन की। लेकिन कोई पता नहीं चला। मंगलवार को कुएं के अंदर झांककर देखा तो एक शव था।
भागलपुर, जेएनएन। बिहपुर प्रखंड की धरमपुररत्ती पंचायत के जयरामपुर गांव निवासी बेचो रजक की 15 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी का शव मंगलवार को घर के समीप कुआं से बरामद किया गया। जयरामपुर हाइस्कूल में वर्ग नौ की छात्रा काजल पिछले चार दिनों से लापता थी। शव मिलने की सूचना पर बिहपुर थानाध्यक्ष रणजीत कुमार व भवानीपुर सहायक थानाध्यक्ष नीरज कुमार दल बल के साथ पहुंचे।
स्वजनों ने पुलिस को बताया कि काजल शनिवार से ही लापता थी। चार दिनों से आसपास के कई गांवों में जाकर उसकी खोजबीन की। लेकिन, कोई पता नहीं चला। मंगलवार को कुएं के पास बदबू फैलने पर अंदर झांककर देखा तो एक शव था। ग्रामीणों के सहयोग से उसे बाहर निकाल गया। शव काजल का था। काजल हर दिन कुआं के पास बच्चों के साथ बैठकर बातचीत करती थी। आशंका है कि इसी दौरान काजल कुआं में गिर गई और डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना से काजल की मां तारिणी देवी, भाई सोशन कुमार, मिथुन, सुधाकर व धर्मेंद्र समेत अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। काजल चार भाई व चार बहनों में सबसे छोटी थी।