स्वतंत्रता दिवस समारोह से लौट रहे शिक्षक की गोली मारकर हत्या Khagaria News
खगड़िया में स्वतंत्रता दिवस के दिन एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शिक्षक अपने विद्यालय से स्वतंत्रता दिवस समारोह से लौट रहे थे।
खगड़िया [जेएनएन]। अलौली प्रखंड के मेघौना पंचायत अंतर्गत कोकरहा और सनोखर के बीच श्यामसुंदर मुखिया की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। श्यामसुंदर मुखिया शहरबन्नी पंचायत के प्राथमिक विद्यालय चिकनी में शिक्षक थे। श्यामसुंदर सरदही गांव के रहने वाले थे। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना उस समय घटी जब वह अपने विद्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेकर घर लौट रहे थे। रास्ते में अपराधियों ने शिक्षक को कई गोलियां दाग ली। गोली लगने के बाद तुरंत ही उनकी मौत घटनास्थल पर हो गई।
स्थानीय जिला परिषद सदस्य गिरीश यादव ने घटना के सूचना जिले की वरीय अधिकारियों को फोन कर दी। सूचना मिलने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकिशोर सिंह ने कहा कि बहुत ही दुखद घटना है। स्वतंत्रता दिवस के दिन ऐसी घटना कई संकेत को जन्म दे रही है। इस मार्मिक घटना की उन्होंने निंदा की। उन्होंने कहा कि अलौली के बीडीओ को इसकी जानकारी दी गई है। थाना में भी सूचना कर दी गई है। उन्होंने कहा जिलाधिकारी को इसकी जानकारी दी जा रही है।