चाल और वेग में अंतर नहीं बता पाए शिक्षक
गुरूकुल इंटर स्कूल का गुरुवार को प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने औचक निरीक्षण किया। उन्हें वहां कई गड़बड़ियां मिली। प्रयोगशाला की दुर्दशा देखकर उन्होंने प्राचार्य को कड़ी फटकार लगाई।
भागलपुर। गुरूकुल इंटर स्कूल का गुरुवार को प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने औचक निरीक्षण किया। उन्हें वहां कई गड़बड़ियां मिली। प्रयोगशाला की दुर्दशा देखकर उन्होंने प्राचार्य को कड़ी फटकार लगाई। नौंवी कक्षा के अर्धवार्षिक परीक्षा की उत्तर-पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर रहे शिक्षकों से उन्होंने कई सवाल पूछे। एक शिक्षक से उन्होंने चाल और वेग में अंतर बताने को कहा तो शिक्षक के होश उड़ गए जिसके बाद उन्होंने जांची गई कॉपियों को जब्त कर लिया और उच्च अधिकारियों को यहां की शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी देने की बात कहीं। समाजशास्त्र के अधिकांश कॉपियों में सिर्फ वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के उत्तर लिखे हुए थे,दीर्घउत्तरीय एक भी प्रश्न के उत्तर नहीं लिखे गए थे। इस पर उन्होंने संबंधित शिक्षकों से कई सवाल किए और नाराजगी जताई। प्रायोगिक कक्ष में छात्रों की संख्या बहुत कम थी जिस पर उन्होंने प्राचार्य से पूछा कि छात्रों की संख्या इतनी कम क्यों है। प्रैक्टिकल कर छात्रों से लिट्मस पेपर के बारे में पूछा तो इसका जवाब न तो छात्र दे सके और न ही शिक्षक। प्राचार्य से उन्होंने पूछा कि स्कूल कितने बजे तक चलता है। प्राचार्य ने कहा 4 बजे तक। इस पर उन्होंने कहा कि अभी तो चार बजे नहीं है तो फिर बच्चों को कैसे छुट्टी दे दी गई। प्राचार्य ने कहा सर विषहरी पूजा हो रही हैं इसलिए छुट्टी दे दी गई। आयुक्त ने कहा कि विषहरी का अवकाश तो 18 अगस्त को है तो फिर आपने आज कैसे छुट्टी दे दी। इस पर प्राचार्य ने चुप्पी साध ली। इसके उपरांत कंझिया स्थित आवासीय बालिका विद्यालय का उन्होंने निरीक्षण किया। वहां रह रही छात्राओं से मिल रही सुविधाओं के बारे में पूछताछ की।
वार्डन रिमझिम कुमारी से छात्राओं की संख्या और मेल स्टाफ के बारे में जानकारी ली। वार्डन से उन्होंने पूछा कि मेल स्टाफ रखने का क्या प्रवधान है। स्टाफ कहां तक अंदर प्रवेश करता है। वार्डेन ने पीने की पानी की समस्या तथा अन्य समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। प्राचार्य ने स्कूल के मैदान में बरसात का पानी जमने की बात बताई। इस पर उन्होंने बीडीओ राकेश कुमार को ग्रांउड में मिट्टी भरावाने के निर्देश दिए।