सुल्तानगंज शूटआउट : सिर में फंसी है गोली, ICU पटना में जिंदगी की जंग लड़ रहे सभापति राजकुमार गुड्डू
अजगैवीनाथ धाम के मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू पटना के आईसीयू में भर्ती हैं, उनके सिर में गोली फंसी है और ...और पढ़ें
-1777519999148_m.webp)
गंभीर हालत में मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू, अस्पताल में चल रही सघन निगरानी
जागरण टीम, भागलपुर। अजगैवीनाथ धाम (सुल्तानगंज) नगर परिषद के मुख्य पार्षद (सभापति) राजकुमार गुड्डू का पटना में इलाज जारी है। उनके साथ गए सहयोगियों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है, लेकिन खतरे से बाहर नहीं हैं। बताया गया कि अभी तक उनका ऑपरेशन नहीं हुआ है और सिर में गोली फंसी हुई है। डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और सघन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में उनका इलाज चल रहा है।
डॉक्टरों की निगरानी में इलाज, परिजन चिंतित
डॉक्टरों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल बीपी और अन्य स्वास्थ्य संकेतकों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। परिजन उनकी हालत को लेकर चिंतित हैं और लगातार डॉक्टरों से संपर्क में बने हुए हैं। शहरवासी भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
बाबा अजगैवीनाथ से स्वस्थ होने की प्रार्थना
नगर के लोग मुख्य पार्षद के जल्द स्वस्थ होने की कामना को लेकर धार्मिक स्थलों पर प्रार्थना कर रहे हैं। लोग शहर के इष्टदेव बाबा अजगैवीनाथ से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं। बुधवार को उनके आवास पर सन्नाटा पसरा रहा, हालांकि हालचाल जानने के लिए दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहा।
-1777520275566.jpg)
घर पर पुलिस तैनात, बाजारों में दिखा असर
मुख्य पार्षद के आवास पर सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इस घटना के बाद शहर में दहशत का माहौल है, खासकर व्यवसायी वर्ग में चिंता देखी जा रही है। घटना के दूसरे दिन आत्मा बाजार और स्टेशन रोड के कई प्रतिष्ठान बंद नजर आए, जिससे शहर का जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
नगर परिषद कार्यालय में पसरा सन्नाटा
मंगलवार शाम हुई गोलीबारी की घटना के दूसरे दिन नगर परिषद कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। डरे-सहमे कुछ कर्मी कार्यालय पहुंचे जरूर, लेकिन कार्यालय का ताला तक नहीं खुला। कर्मचारी एक जगह बैठकर घटना को याद कर भावुक नजर आए और दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्य पार्षद के स्वस्थ होने की प्रार्थना करते रहे।
कर्मचारियों में भय, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
घटनास्थल पर बिखरे खून के धब्बे कर्मचारियों के मन में डर पैदा कर रहे हैं। कर्मियों का कहना है कि जब पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो उनकी सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। कई कर्मियों ने कार्यालय आने में भी डर लगने की बात कही।
डीएम को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग
नगर परिषद कर्मियों ने जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या और मुख्य पार्षद के घायल होने के बाद कार्यालय का कामकाज ठप हो गया है और कर्मचारियों में भय का माहौल है। कर्मियों ने कार्यालय संचालन के लिए नए कार्यपालक पदाधिकारी की नियुक्ति और स्थायी पुलिस बल की तैनाती की मांग की है।
