विक्रमशिला एक्सप्रेस से दिल्ली गांजा ले जाने का प्लान फेल; सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर 32 किलो खेप संग दो तस्कर दबोचे
Seizure RPF GRP Vikramshila Express Cooch Behar to Delhi: सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त कार्रवाई में 32 किलो 190 ग्राम गांजा जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत 16 लाख रुपये से अधिक है और इसे विक्रमशिला एक्सप्रेस से दिल्ली ले जाने की तैयारी थी।

Seizure RPF GRP Vikramshila Express Cooch Behar to Delhi: सुल्तानगंज स्टेशन पर 16 लाख के गांजा संग महिला-पुरुष गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Seizure RPF GRP Vikramshila Express Cooch Behar to Delhi:सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में गांजा तस्करी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। सुरक्षाबलों ने आठ बैगों में पुराने कपड़ों के बीच छिपाकर रखे गए 32 किलो 190 ग्राम गांजा के साथ एक पुरुष और एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है।
बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 16 लाख नौ हजार 500 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपित कूचबिहार से गांजे की खेप लेकर सड़क मार्ग से सुल्तानगंज पहुंचे थे और यहां से विक्रमशिला एक्सप्रेस के जरिए दिल्ली के आनंद विहार जाने की तैयारी में थे। हालांकि, स्टेशन पर पहले से सक्रिय आरपीएफ व जीआरपी की टीम ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया। इस दौरान उनके दो अन्य साथी भीड़ का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
गोपनीय सूचना पर बनी संयुक्त टीम
पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय के निर्देश पर रेलवे परिसरों में तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पूर्व रेलवे के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमिय नंदन सिन्हा की निगरानी में 20 नवंबर की सुबह करीब आठ बजे जमालपुर की अपराध खुफिया शाखा को सुल्तानगंज स्टेशन के रास्ते गांजा तस्करी की गोपनीय सूचना मिली।
फुटओवर ब्रिज के नीचे दबोचे गए तस्कर
तत्काल आरपीएफ जमालपुर के सहायक सुरक्षा आयुक्त अजय कुमार को दी गई। इसके बाद मालदा मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता के प्रशासनिक सहयोग से सीआइबी जमालपुर और ड्यूटी पर तैनात जीआरपी कर्मियों की एक संयुक्त टीम गठित कर स्टेशन पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।
करीब 11:55 बजे प्लेटफार्म संख्या एक से दो की ओर रेलवे ट्रैक पार करते हुए दो पुरुष और दो महिलाएं संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए, जिनके पास कई हैंडबैग और पिट्ठू बैग थे। टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे तेजी से प्लेटफार्म संख्या दो पर फुटओवर ब्रिज के नीचे भीड़ की ओर बढ़ने लगे। इसी अफरातफरी में एक पुरुष और एक महिला भाग निकले, जबकि टीम ने घेराबंदी कर एक पुरुष और एक महिला को आठ बैगों के साथ धर दबोचा।
पुराने कपड़ों के बीच छिपाकर रखे थे आठ पैकेट
पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ में अपनी पहचान रंजीत कुमार (35) और रेणु देवी (40) के रूप में बताई तथा गांजा ले जाने की बात स्वीकार की। वहीं, फरार होने वालों की पहचान रंजीत की पत्नी मनीषा देवी और रेणु देवी के पुत्र जज कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि चारों आरोपित कूचबिहार से सड़क मार्ग के जरिए गांजे की खेप लेकर सुल्तानगंज आए थे और इसे विक्रमशिला एक्सप्रेस से आनंद विहार (दिल्ली) पहुंचाने की योजना थी।
जीआरपी भागलपुर को सौंपे गए आरोपित
एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में बैगों की तलाशी ली गई। इस दौरान रेणु देवी के चार बैगों से पुराने कपड़ों के बीच छिपाकर रखे गए चार पैकेट मिले, जिनका वजन 17 किलो 200 ग्राम निकला। वहीं, रंजीत कुमार के चार बैगों से बरामद चार पैकेटों का वजन 14 किलो 990 ग्राम पाया गया।
कुल 32 किलो 190 ग्राम गांजा जब्त कर दोनों आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी भागलपुर को सौंप दिया गया है। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझि ने आरपीएफ और जीआरपी के बीच बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि स्टेशनों व ट्रेनों में तस्करी रोकने के लिए सख्त अभियान जारी रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।