हिमाचल से गायब छात्र पतरघट से बरामद
हिमाचल प्रदेश से गायब छात्र कर्ण को पतरघट पुलिस ने गोलमा पूर्वी पंचायत की सखौड़ी बस्ती में उसके साथी के घर से रविवार को बरामद किया है।
सहरसा। हिमाचल प्रदेश से गायब छात्र कर्ण को पतरघट पुलिस ने गोलमा पूर्वी पंचायत की सखौड़ी बस्ती में उसके साथी के घर से रविवार को बरामद किया है। इसकी सूचना हिमाचल प्रदेश पुलिस को दी गई है।
बरामद छात्र के पिता कमल ठाकुर ने ओपी अध्यक्ष को बताया कि कर्ण स्केनी ब्वॉयज विद्यालय, ज्वालामुखी (जिला कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश) में आठवीं कक्षा का छात्र है। उसकी दोस्ती अनुज के साथ है। अनुज के पिता धीरेंद्र यादव सहरसा जिले की गोलमा पूर्वी पंचायत के सखौड़ी बस्ती निवासी के निवासी हैं। धीरेंद्र ज्वालामुखी में ठेकेदारी करते हैं। 13 जून को कर्ण अनुज के साथ पहले एक संबंधी के घर चंडीगढ़ गया। फिर वहां से वह अनुज के साथ सहरसा चला आया। मामले में कर्ण के पिता कमल ठाकुर ने ज्वालामुखी थाना में अपने पुत्र की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर कर्ण की स्थिति का पता लगाकर सहरसा पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पतरघट ओपी अध्यक्ष रुदल कुमार ने कर्ण की बरामदगी की। कर्ण को ले जाने के लिए हिमाचल प्रदेश की पुलिस सहरसा आ रही है।