राज्यस्तरीय विद्यालय अंडर 17 फुटबॉल प्रतियोगिता पर एकलव्य का कब्जा, स्टेट टीम घोषित
सैंडिस कम्पाउंड भागलपुर में राज्यस्तरीय विद्यालय फुटबॉल अंडर 17 में रविवार को फाइनल मुकाबला पूर्णिया और नवगछिया एकलव्य के बीच जारी है।
भागलपुर (जेएनएन)। सैंडिस कंपाउंड स्टेडियम में गुरुवार को राज्यस्तरीय विद्यालय अंडर 17 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता के ट्रॉफी पर एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र की टीम ने कब्जा जमाया। एकलव्य ने पूर्णिया जिले की टीम को तीन-दो गोल के अंतर से पराजित किया। एकलव्य की ओर से रमई हेम्ब्रम, युवराज कुमार और जीतू कुमार ने एक-एक गोल किए। प्रतिद्वंदी पूर्णिया के खिलाड़ी भोलेनियर कुमार और जेसिल किस्कू ने एक-एक गोल किया। बेस्ट स्कोरर से एकलव्य के सूरज कुमार और बेस्ट 22 खिलाड़ी का अवार्ड पूर्णिया के मैनविंड किस्कू को सम्मानित किया गया।
मैच के निर्णायक की भूमिका में मु. इकराम, विनय कुमार और उपेंद्र मंडल थे। विजेता और उपविजेता टीमों को वरीय कोषागार अधिकारी मनीष कुमार ने ट्रॉफी प्रदान कर पुरस्कृत किया। जिला खेल अधिकारी प्रमोद यादव ने बताया कि राज्य टीम के लिए खिलाडिय़ों का चयन कर लिया गया है। 10 से 15 दिसंबर को जम्मू कश्मीर में राष्ट्रीय अंडर 17 विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता होगी। इसके पूर्व राज्य स्तरीय टीम को पाटलीपुत्र स्पोट्र्स कॉम्पलेक्स में 15 दिनों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतियोगिता में विभिन्न खेल संघों के सचिव नसर आलम, नीरज कुमार राय, ज्ञान प्रकाश सिन्हा, पवन सिन्हा, विरेन कुमार वर्मा, सुबीर मुखर्जी, मुकेश कुमार आदि ने सहयोग किया।
मानदेय के लिए रोका खेल
सैंडिस कंपाउंड में फाइनल मैच को तकनीकी अधिकारी और रेफरी ने भत्ता भुगतान के लिए आधे घंटे तक बाधित कर दिया। राज्य के करीब 14 तकनीकी अधिकारी को प्रतियोगिता के लिए प्रतिनियुक्त किया गया था। भत्ता नहीं मिलने से नाराज तकनीकी अधिकारी ने डीएसओ के समक्ष विरोध जताया। डीएसओ द्वारा भत्ता भुगतान करने के बाद मैच शुरू हो सका।
ये हैं राज्य टीम के खिलाड़ी
शशांक कुमार (समस्तीपुर), मु. औरंगजेब (गया), पीयुष कुमार, संजय मुर्मू, दीपक हेम्ब्रम, दाबिशन सोरेन, रमई हेम्ब्रम (भागलपुर), अजीत कुमार(रोहतास), हरिश खान(पटना), नारायण किस्कू, प्रेम टुडू (बांका), विनोद टुडू, गंगा बास्की, अंकित कुमार राय, मानवेल किस्कू,जितू कुमार, जुर्सेल किस्कू, मिथिलेश टुडू, भूलेंद्र कुमार टुडू(पूर्णिया),विकास कुमार, युवराज कुमार, सूरज कुमार, जेनसन उरॉव, शत्रुघन कुमार (पश्चिम चंपारण) को टीम में शामिल किया गया है। अतिरिक्त खिलाड़ी में उज्जवल मुर्मू (पटना), भीनसेंट मुर्मू(भागलपुर), विनोद बेसरा(पूर्णिया),खालीद रजा (पूर्वी चंपारण), अवधेश कुमार(खगडिय़ा) को शामिल किया गया है। चयन समिति में जिला खेल अधिकारी प्रमोद यादव, पश्चिम चंपारण एकलव्य केंद्र के प्रशिक्षक श्याम चौधरी, एकलव्य केंद्र भागलपुर के प्रशिक्षक शत्रुघन सिंह थे।
इससे पहले शनिवार को सैंडिस कम्पाउंड के मैदान में सेमी फाइनल खेला गया। पूर्णिया बनाम बांका के मैच में पूर्णिया दो-शून्य से विजयी हुआ। वहीं दूसरे मुकाबले में एकलव्य नवगछिया ने समस्तीपुर को तीन-शून्य से हराया। इसके पूर्व क्वार्टर सेमी फाइनल मुकाबला हुआ। जिसमें बांका ने कटिहार को एक-शून्य से हराया। जबकि पूर्णिया ने मोतिहारी को तीन-शून्य से पराजित किया। समस्तीपुर ने वैशाली को दो-शून्य से तथा एकलव्य ने रोहतास को पांच-एक से हराया।