यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 16, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यहां बेटी जनने पर गाते हैं सोहर, बांटी जाती है मिठाइयां
सोहर संतान होने पर गाया जाने वाला मंगल गीत है। इसे पुत्र के जन्म और उससे संबंधित अवसरों पर ही गाने की परंपरा रही है।

भागलपुर [संजय सिंह]। सोहर संतान होने पर गाया जाने वाला मंगल गीत है। इसे पुत्र के जन्म और उससे संबंधित अवसरों पर ही गाने की परंपरा रही है। रामलला की जयंती रामनवमी व कन्हैया के जन्मदिन कृष्णाष्टमी त्योहार में भी भजन के साथ सोहर गाने की परंपरा रही है, लेकिन अब इस मिथक को सीमांचल की बेटियों ने तोड़ा है।
इन बेटियों ने लोक कलाकार के माध्यम से बिटिया के जन्म लेने के मौके पर गाये जाने वाले सोहर तैयार किए हैं। कला जत्था से जुड़े ये सदस्य बिटिया जन्म देने वाली मां को बधाई पत्र और उपहार भी देते हैं। इस छोटे से प्रयास से इस इलाके में लड़की जनने पर अब मां को प्रताडऩा भी नहीं झेलनी पड़ती।
कला जत्था से जुड़ी शिल्पी बताती हैं कि इस इलाके में पहले जिस घर में बेटा पैदा होता था वहां सोहर गाए जाते थे, मिठाईयां बांटी जाती थीं, लेकिन जिस घर में बिटिया जन्म लेती थी, वहां सन्नाटा पसर जाता था।
किन्नरों की टोली भी वहीं जाती थी जिस घर में बेटा पैदा होता था। लड़की को जन्म देने वाली मां को प्रताडऩा का शिकार होना पड़ता था। ऐसे मिथक को तोडऩे के लिए कुछ लड़कियों ने एक टीम बनाई। प्रारंभिक स्तर पर तो गांव के लोगों ने इसका विरोध किया, लेकिन समय के साथ धीरे-धीरे सबकुछ सामान्य हो गया।
लोक कलाकार विमल यादव के सहयोग से पुत्रियों के जन्म पर गाए जाने वाले सोहर तैयार किए। सोहर की पंक्ति इस प्रकार है-धन भाग्य बहुरिया के बेटिया जन्म लेलै हो, घरवा अंजोर होलै हो...। संगीत के साथ यह गीत सीमांचल के गांवों में बेटियों के जन्म पर गाया जाने लगा। इस जत्थे में शामिल लड़कियों को अब गांवों के बुजुर्गों का भी समर्थन मिलने लगा है।