पुलिस पर बमबाजी का आरोपित समेत छह गिरफ्तार
बबरगंज पुलिस पर 11 फरवरी की रात बम से हमला करने के आरोपितों समेत छह लोहा चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
भागलपुर। बबरगंज पुलिस पर 11 फरवरी की रात बम से हमला करने के आरोपितों समेत छह लोहा चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसमें महेशपुर के दिलीप पासवान, ललन गोस्वामी, रवि मंडल और सकरूल्लाचक का वंशी यादव शमिल है। वहीं, लोहा खरीदने वाले कबाड़ी दुकानदार मोजाहिदपुर के मौलानाचक निवासी मु. रकीब उर्फ रॉकी को करीब डेढ़ क्विंटल लोहे के के साथ गिरफ्तार किया। सिटी डीएसपी राजवंश सिंह ने आरोपितों की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी दी।
डीएसपी ने बताया कि एसएसपी आशीष भारती ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी। इसमें बबगरंज इंचार्ज पवन कुमार सिंह को शामिल किया गया था। टीम ने चोरी का लोहा ढोने वाले ऑटो चालक गोराडीह के भयगांव निवासी अमित कुमार को गिरफ्तार किया। वह अलीगंज गंगटी स्थित सुरेश साह के मकान में किराए पर रहता है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर आरोपितों को गिरफ्तार किया।
लाखों का लोहा बेच डाला बदमाशों ने
सिल्क मिल से लोहा चोरी का खेल वर्षो से चल रहा था। पुलिस को इसकी जानकारी थी, लेकिन इसके बाद भी चोरों पर कार्रवाई नहीं कर रही थी। बागबाड़ी बदमाशों, जुआरियों, नशेबाजों का अड्डा बन गया था। लेकिन, बबरगंज पुलिस चौकी के वहां शिफ्ट होते ही यह सब बंद हो गया। सिल्क मिल पास के कारण वहां होने वाली गतिविधियों की जानकारी पुलिस को हो जाती थी। जांच के दौरान पता चला की बदमाशों ने सिल्क मिल के लाखों रुपये का लोहा अब तक बेच दिया है।