अक्षय तृतीया आज; घरों में पूजन, सर्राफा बाजार में सन्नाटा
हिंदू पर्वों में अक्षय तृतीया का विशेष महत्व है। इस मुहूर्त को बेहद शुभ माना जाता है। लोग सोने की खरीदारी करते हैं। लेकिन लॉकडाउन में सर्राफा दुकानें बंद हैं।
भागलपुर, जेएनएन। लॉकडाउन के कारण लोग इस बार घरों में ही अक्षय तृतीया मनाएंगे। इस मौके पर सोने-चांदी की खरीदारी का विशेष महत्व है, पर शनिवार को दुकानें बंद रहीं। रविवार को भी बंद रहेंगी। लोग घरों में ही प्रतीकात्मक रूप से त्योहार मनाएंगे। सोनापट्टी की करीब ढाई सौ दुकानें और ज्वेलरी के ब्रांडेड शोरूम भी बंद हैं। हर साल की तरह इस साल भी सर्राफा कारोबारियों ने बेहतर कारोबार का सपना देखा था, लेकिन लॉकडाउन के कारण अभी सब कुछ बंद रखा गया है। इस मौके पर शादियां भी होती थीं, पर उसे भी स्थगित कर दिया गया है। लेकिन यह उम्मीद है कि कोरोना के संकट से बाहर निकलते ही बाजार फिर पुरानी रौनक में होगा।
बूढऩाथ मंदिर के पुजारी सुनील कुमार झा ने बताया कि हिंदू पर्वों में अक्षय तृतीया का विशेष महत्व है। इस मुहूर्त को बेहद शुभ माना जाता है। लोग सोने की खरीदारी करते हैं। मंदिरों के अलावा मैरेज हॉल में सैकड़ों शादियां होती हैं, लेकिन इस बार कोरोना के कारण सन्नाटा पसरा है। वहीं, जिला स्वर्णकार संघ के उप सचिव अनिल कड़ेल ने बताया कि इस बार लॉकडाउन का पालन सर्वोपरि है। हर साल 17 से 20 करोड़ के आसपास कारोबार होता था, लेकिन इस बार सब कुछ ठप है। ऑनलाइन खरीदारी भी कोई खास नहीं है।