सर्द हवाओं के साथ हल्की बूंदा-बांदी... खुला मुक्ता मंच और शर्ली सेतिया की मदमस्त आवाज...Bhagalpur News
भागलपुर के दुर्गाचरण उच्च विद्यालय में लायंस क्लब ऑफ भागलपुर प्राइम और ग्लोरी टीम ने शर्ली सेतिया और जुबिन चौधरी का कार्यक्रम किया।
भागलपुर, जेएनएन। सर्द हवाओं के साथ हल्की बूंदा-बांदी। खुला मुक्ता मंच और युवाओं के दिलों पर राज करने वाली बॉलीवुड सिंगर शर्ली सेतिया की मदमस्त आवाज...। ये सभी एक साथ हो तो श्रोताओं के पैर थिरकना लाजिमी है।
कुछ ऐसा ही माहौल दिखा रविवार की रात नगर के दुर्गाचरण हाई स्कूल मैदान में। अवसर था लायंस क्लब ऑफ भागलपुर प्राइम और ग्लोरी टीम के संयुक्त तत्वावधान में बॉलीवुड नाइट रिलोडेड कार्यक्रम का।
शाम से ही शर्ली सेतिया को सुनने को हजारों की भीड़ इंतजार कर रही थी। शर्ली ने रॉकिंग एंट्री की तो श्रोताओं ने तालियों से इस्तकबाल किया।
आप दें मेरा साथ हम खूब मचाएंगे धमाल
शर्ली ने भागलपुर वासियों से अपील की कि आज हम धमाल मचाएंगे, आप लोग मेरा साथ दीजिए। शर्ली ने चल छइयां छइयां... व उर्वशी उर्वशी... सुनाकर लोगों को नाचने पर मजबूर कर दिया। माइक के साथ मंच से नीचे भी उतरी। दर्शकों ने साथ होकर ठुमके लगाए।
इसके बाद बॉलीवुड के साथ रॉक गीत की बारी। हनी हनी कर सैंया मून पे पहुंच गए...,जैसे दिलकश नगमे सुनाकर दर्शकों को खूब झुमाया। शर्ली-शर्ली की गूंज होने लगी। इसके बाद उन्होंने तुमसे ही दिन होता... सुनाया। ये काली-काली आंखें..., आती क्या खंडाला..., ओले-ओले..., लैला मैं लैला..., ये मेरा दिल यार का दीवाना... और दम मारो दम... समेत कई रॉकिंग गीतों से दर्शकों को नाचने व तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने श्रोताओं को बताया कि उनका जन्म हिंदुस्तान में हुआ है और वह न्यूजीलैंड के आकलैंड में रहती हैं।
जुबीन ने पंजाबी गानों से किया मदमस्त
पंजाबी सिंगर जुबिन चौधरी ने तुझे कितना चाहने लगे हम...गीत प्रस्तुत कर पंजाबी तड़का लगाया। तेनू नजर ना लग जावे सोडि़ए..., जिस गल तू गल वही हो गई गाना गाया। लोगों ने हाथ हिलाकर सभी ने अभिवादन किया।
कार्यक्रम में प्राइम के अध्यक्ष सुमित जैन, तुषार सिन्हा, अचिंत, सौरभ अरोड़ा, आकाश राज, अभिजीत का योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन नलिनी घोष और आशुतोष कपूर ने किया।