बिहार-यूपी के उपचुनाव में एनडीए की होगी जीत : शाहनवाज
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार और यूपी में हो रहे उपचुनाव में एनडीए की जीत होगी।
भागलपुर। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार और यूपी में हो रहे उपचुनाव में एनडीए की जीत होगी। त्रिपुरा सहित तीन राज्यों में एनडीए की सरकार गठित होने से पार्टी को खुशी मिली है। त्रिपुरा में वामदल को पराजित कर भाजपा को सत्ता मिला।
हुसैन सोमवार को स्थानीय एक होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद लगातार पांच राज्यों में कांग्रेस की हार हुई है। देश पीएम मोदी के साथ खड़ा है। हुसैन अररिया चुनाव प्रचार में जाने के पहले यहां कहा कि गत दिनों जार्डन के शाह हुसैन दिल्ली में आए थे। उनसे मिलने का मौका मिला था। उन्होंने भी आतंकवाद का विरोध किया। भाजपा नेता ने कहा कि देश में 21 वां राज्य भगवा के रंग में रंग गया है।
मांझी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में उन्हें 22 सीटें दी गई थी लेकिन खुद के अलावा पार्टी के किसी प्रत्याशी की जीत नहीं हुई। मांझी अररिया में भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में गए थे और सभा की थी। अब उन्हीं के विरोध में प्रचार करने जा रहे हैं। हुसैन ने कहा कि यूपी में बहन जी के साथ सपा का साथ हुआ है। विधानसभा चुनाव में राहुल के साथ अखिलेश थे। रिजल्ट क्या हुआ, यह सामने है। मौके पर पूर्व अध्यक्ष हरिवंश मणि सिंह, विजय सिंह प्रमुख, नरेश चंद्र मिश्र और मोंटी जोशी थे।