भागलपुर में राजस्व अधिकारियों पर गाज: शाहकुंड CO हर्षा कोमल हटाई गईं, नवगछिया CO पर भी कार्रवाई की तैयारी
भागलपुर में राजस्व कार्यों में लापरवाही पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। शाहकुंड की अंचल अधिकारी हर्षा कोमल को पद से हटा दिया गया है।

अंचल अधिकारी हर्षा कोमल। फाइल फोटो
HighLights
शाहकुंड सीओ हर्षा कोमल को पद से हटाया गया।
राजस्व अधिकारी उज्ज्वल कुमार को शाहकुंड का प्रभार।
नवगछिया सीओ संतोष सुमन पर गंभीर आरोपों की जांच।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। राजस्व कार्यों में लापरवाही और लंबित मामलों के निष्पादन में शिथिलता पर जिला प्रशासन ने सख्ती की है। शाहकुंड की अंचल अधिकारी हर्षा कोमल को तत्काल प्रभाव से पद से हटाते हुए राजस्व अधिकारी उज्ज्वल कुमार को अंचल का प्रभार सौंपने का निर्देश दिया गया है।
हर्षा कोमल को पत्र प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर प्रभार हस्तांतरित कर जिला राजस्व शाखा में योगदान देना होगा। वहीं, नवगछिया के अंचल अधिकारी संतोष कुमार सुमन के विरुद्ध सात गंभीर आरोपों के आधार पर आरोप पत्र गठित कर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना को कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
शाहकुंड सीओ पर राजस्व कार्यों में शिथिलता के आरोप
हर्षा कोमल पर राजस्व संबंधी विभागीय कार्यों के निष्पादन में शिथिलता, जनशिकायतों में अपेक्षित रुचि नहीं लेने, अंचल न्यायालय में लंबित वादों का समय पर निष्पादन नहीं करने और अतिक्रमण के मामलों में कार्रवाई नहीं करने के आरोप हैं। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली में भी लापरवाही बरतने की बात कही गई है।
इन आरोपों के मद्देनजर जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने राजस्व अधिकारी उज्ज्वल कुमार को तत्काल प्रभाव से शाहकुंड अंचल का संपूर्ण प्रभार ग्रहण करने का निर्देश दिया है। इसमें वित्तीय प्रभार भी शामिल है। प्रभार हस्तांतरण और ग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर इसकी लिखित सूचना संबंधित अधिकारियों को देनी होगी।
नवगछिया सीओ पर गंभीर आरोप
प्रशासन ने नवगछिया के अंचल अधिकारी संतोष कुमार सुमन पर लगे आरोपों के समर्थन में साक्ष्य उपलब्ध कराते हुए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है। संतोष पर अभियान बसेरा-2 के तहत पात्र भूमिहीनों को वासभूमि उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने में अनियमितता और कर्तव्यहीनता के आरोप हैं।
इसके अलावा निर्धारित राजस्व लक्ष्यों के विरुद्ध कम उपलब्धि, लंबित मामलों के निष्पादन में शिथिलता और जिला स्तरीय सहयोग सेल के आवेदनों के निपटारे में उदासीनता की शिकायत है।
अन्य आरोपों में एक ही खाता-खेसरा से जुड़े दाखिल-खारिज मामलों में विरोधाभासी आदेश पारित करना, नियमों के विरुद्ध अस्वीकृत वाद को स्वीकार करना, नीलाम पत्र वादों में वसूली नहीं करना और कार्यालय की ओर से मांगे गए स्पष्टीकरण का निर्धारित समय में जवाब नहीं देना शामिल है। नवगछिया सीओ के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई पर अंतिम निर्णय राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को लेना है।
