राशि निकासी के बाद भी नहीं बना विद्यालय भवन, गबन की आशंका
राशि उठाव के 10 वर्ष बाद भी विद्यालय का भवन निर्माण पूर्ण नहीं हो पाया है।
(मु.सलाम)कटिहार। प्रखंड के उत्तरी लालगंज पंचायत स्थित नया प्राथमिक विद्यालय भगत टोला लालगंज में राशि उठाव के 10 वर्ष बाद भी विद्यालय का भवन निर्माण पूर्ण नहीं हो पाया है। इसको लेकर सर्व शिक्षा अभियान के कार्यपालक अभियंता नरेश कुमार एवं कनीय अभियंता धर्मेन्द्र कुमार ने ग्रामीणों की शिकायत पर विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में व्यापक अनियमितता देखने को मिली। जानकारी के अनुसार वर्ष 2011-12 में तीन कमरे के भवन निर्माण को लेकर 10 लाख 49 हजार की राशि आवंटित की गई थी। लेकिन राशि निकासी के बाद भी भवन निर्माण पूर्ण नहीं हो पाया है। इसके पूर्व वर्ष 2008-09 में भी तीन कमरे के भवन निर्माण को लेकर लगभग 10 लाख का आवंटन होने के बाद भी निर्माण पूरा नहीं किया गया है। बता दें कि विद्यालय महानंदा के कटाव की जद में हैं। वर्षों से राशि निकासी के बाद भी निर्माण नहीं होने को लेकर विभागीय सक्रियता भी नहीं दिख रही है। कार्यपालक अभियंता ने विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक सदाकत आलम से 15 दिनों में निर्माण कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया है। इसके पश्चात प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है। वर्षों से निर्माण कार्य अधूरा रहने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।