साहिबगंज-बड़हरवा रेलखंड पर डाउन लाइन बंद, हावड़ा इंटरसिटी रद, ब्रह्मपुत्र मेल व फरक्का डायवर्ट; वनांचल का रूट बदला
Malda Railway Division साहिबगंज-बड़हरवा रेलखंड पर गंगा तटबंध में कटाव के कारण डाउन लाइन बंद कर दी गई है, जिससे ...और पढ़ें

Malda Railway Division साहिबगंज–बड़हरवा रेलखंड पर मार्ग ठप।
HighLights
साहिबगंज-बड़हरवा रेलखंड पर गंगा तटबंध में कटाव से डाउन लाइन बंद।
हावड़ा इंटरसिटी सहित चार ट्रेनें पूरी तरह रद्द की गईं।
ब्रह्मपुत्र मेल, फरक्का एक्सप्रेस व वनांचल एक्सप्रेस के मार्ग बदले गए।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Malda Railway Division पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल अंतर्गत साहिबगंज–बड़हरवा रेलखंड पर रेल यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हो गया है। सकरीगली और महाराजपुर रेलवे स्टेशनों के बीच गंगा नदी के तटबंध में तेज कटाव (कटिंग) होने के कारण रेलवे प्रशासन ने एहतियातन डाउन लाइन पर सभी यात्री एवं मालगाड़ियों का परिचालन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
ट्रैक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने साहिबगंज–हावड़ा इंटरसिटी समेत कई ट्रेनों को रद कर दिया है, जबकि कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित (डायवर्ट) और शार्ट टर्मिनेट किया गया है। अचानक हुए इस बदलाव से यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है।
हावड़ा इंटरसिटी समेत चार ट्रेनें पूरी तरह निरस्त
रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, डाउन ट्रैक पर परिचालन बंद रहने के कारण चार ट्रेनों की यात्रा पूरी तरह रद कर दी गई है। इनमें 29 सितंबर से प्रारंभ होने वाली 63073 रामपुरहाट–साहिबगंज मेमू व 63406 साहिबगंज–रामपुरहाट मेमू शामिल हैं। वहीं 30 सितंबर को चलने वाली गाड़ी संख्या 63074 साहिबगंज–रामपुरहाट मेमू और 13428 साहिबगंज–हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस का परिचालन भी निरस्त रहेगा।
प्रभावित ट्रेनों की पूरी सूची
रद (निरस्त) ट्रेनें:
63073 रामपुरहाट–साहिबगंज मेमू (29 सितंबर)
63406 साहिबगंज–रामपुरहाट मेमू (29 सितंबर)
63074 साहिबगंज–रामपुरहाट मेमू (30 सितंबर)
13428 साहिबगंज–हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस (30 सितंबर)
परिवर्तित मार्ग से चलने वाली ट्रेनें:
भागलपुर–दुमका–रामपुरहाट होकर:
13024 गया–हावड़ा एक्सप्रेस (29 सितंबर)
13404 भागलपुर–रांची वनांचल एक्सप्रेस (29 सितंबर)
13072 जमालपुर–हावड़ा एक्सप्रेस (29 सितंबर)
जमालपुर–मुंगेर–कटिहार होकर:
15657 दिल्ली–कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल
15744 भटिंडा–बालुरघाट फरक्का एक्सप्रेस
शार्ट टर्मिनेट की गई ट्रेनें:
53408 जमालपुर–रामपुरहाट पैसेंजर (साहिबगंज तक ही संचालित)
13410 किऊल–मालदा टाउन एक्सप्रेस (साहिबगंज में शार्ट टर्मिनेट; भागलपुर में रद रही)
दुमका और कटिहार के रास्ते डायवर्ट की गईं एक्सप्रेस ट्रेनें
यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों के पहिए न थमने देने के लिए रेलवे ने कई लंबी दूरी की गाड़ियों को वैकल्पिक मार्गों से रवाना करने का निर्णय लिया है:
भागलपुर–दुमका–रामपुरहाट रूट: 29 सितंबर की यात्रा वाली गाड़ी संख्या 13024 गया–हावड़ा एक्सप्रेस, 13404 भागलपुर–रांची वनांचल एक्सप्रेस और 13072 जमालपुर–हावड़ा एक्सप्रेस को अपने नियमित मार्ग के बजाय भागलपुर-दुमका होकर चलाया जा रहा है।
जमालपुर–मुंगेर–कटिहार रूट: पूर्वोत्तर और उत्तर बंगाल की ओर जाने वाली महत्वपूर्ण गाड़ी संख्या 15657 दिल्ली–कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल और 15744 भटिंडा–बालुरघाट फरक्का एक्सप्रेस को जमालपुर-मुंगेर-कटिहार के रास्ते डायवर्ट किया गया है।
साहिबगंज में शार्ट टर्मिनेट हुईं ये गाड़ियां
इसके अतिरिक्त, लोकल रूट के यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। गाड़ी संख्या 53408 जमालपुर–रामपुरहाट पैसेंजर तथा 13410 किऊल–मालदा टाउन एक्सप्रेस (29 सितंबर की यात्रा) को गंतव्य से पहले साहिबगंज स्टेशन पर ही शार्ट टर्मिनेट कर दिया गया। परिणामस्वरूप, किऊल-मालदा एक्सप्रेस भागलपुर में आंशिक रूप से रद रही। रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की टीमें मौके पर कटावरोधी कार्य में जुटी हैं, ताकि डाउन लाइन को जल्द से जल्द सुरक्षित बहाल किया जा सके।
