घोघा बाजार का सुरक्षा फाटक क्षतिग्रस्त, घरों में घुसा बाढ़ का पानी
पानी के दबाव के कारण घोघा बाजार का मुख्य सुरक्षा फाटक रविवार सुबह छह बजे अचानक क्षतिग्रस्त हो गया।
भागलपुर। पानी के दबाव के कारण घोघा बाजार का मुख्य सुरक्षा फाटक रविवार सुबह छह बजे अचानक क्षतिग्रस्त हो गया। जिसके कारण पानी तेजी से फैलने लगा। कई गांवों-घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया। ब्रह्माचारी टोला, संतनगर फुलकिया, इदमादपुर, मिर्जापुर, आदर्श नगर, फुलिया सहित आस-पास के क्षेत्रों के लोग सुरक्षित स्थान की ओर पलायन कर गए हैं।
ब्रह्माचारी टोला निवासी राजनारायण मंडल, राजेश मंडल, अजय मंडल, रिषभ कुमार आदि ने बताया कि अचानक बाढ़ का पानी घरों में प्रवेश करने से 500 की आबादी प्रभावित हुई है। घोघा बाजार निवासी मीना देवी, लूसी कुमारी, पप्पू मंडल आदि ने बताया कि बीती रात से ही हमलोग घर से सारा सामान निकालकर एनएच-80 किनारे आ गए हैं। यही अस्थाई ठौर बना रहना पड़ रहा है।