हार में बाद राजद ने की पहली समीक्षा बैठक, पूर्व सांसद बोले - आत्ममंथन जरुरी Bhagalpur News
पूर्व सांसद ने कहा कि लोस चुनाव में पार्टी का यह हश्र होगा यह किसी ने परिकल्पना नहीं की थी। पार्टी को फिर से मजबूती के साथ जमीनी स्तर पर लाने की जरूरत है।
भागलपुर [जेएनएन]। राजद के पूर्व सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि पार्टी को बूथ और पंचायत स्तर पर और मजबूत करने की जरूरत है। जहां कमी है उसे दूर करने की कवायद शुरू कर दें। बुलो मंडल लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद नगर के होटल में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। इन्होंने कहा कि लोस चुनाव के लिए हर कार्यकर्ताओं को आत्ममंथन करने की जरूरत है। भागलपुर के सभी विधानसभा में कहां क्या कमी रह गई, इसपर गंभीर से मंथन करें। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को राजद से जोडऩे और 2020 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुट जाने का आह्वान किया। वहीं, बैठक में आए कार्यकर्ताओं को तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बिहार में सरकार बनाने का संकल्प दिलाया।
बांका के पूर्व सांसद जयप्रकाश नारायण यादव ने कहा कि किसी ने भी लोस चुनाव पार्टी का यह हश्र होगा किसी ने परिकल्पना नहीं की थी। पार्टी को फिर से मजबूती के साथ जमीनी स्तर पर लाने की जरूरत है। जिलाध्यक्ष डॉ. तिरुपतिनाथ यादव ने कहा कि चुनाव परिणाम से सबक लेने की जरूरत है। ताकि अगले साल होने वाले विस चुनाव में पार्टी पूरी दमखम के साथ बेहतर प्रदर्शन कर सके। जिलाध्यक्ष ने कहा कि एनडीए ने छद्म राष्ट्रवाद के नाम पर जनता को गुमराह करने का काम किया है। चुनाव आयोग की भी विश्वसनीयता पर सवाल उठे हैं। एनडीए ईवीएम में छेड़छाड़ कर बड़ी जीत दर्ज की है। इस दौरान पूर्व महानगर अध्यक्ष हुमायू, प्रदेश सचिव राबिया खातून, मु. मेराज, सुमेत यादव, मु. भोलू, मु. पप्पू, संजय मंडल, मु. उस्मान, नंदू यादव, शंकर मंडल, आफताब आलम, मु. चांद, रानी देवी, अशोक यादव ने पार्टी की मजबूती पर बल दिया। संचालन जिला प्रवक्ता अमर कुमार साहा ने किया।
नवगछिया में अपराध का ग्राफ बढ़ा
युवा राजद के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव सम्पन्न होने के बाद नवगछिया में अपराध का ग्राफ बढ़ गया है। इसे प्रशासन रोकने में पूरी तरह विफल है। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। सरकार में बैठे लोगों को राज्य की जनता का चिंता नहीं है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप