राजद ने कहा - बाढ़ पीडि़तों के लिए कुछ नहीं कर रही सरकार, और भी लगाए कई आरोप Bhagalpur News
नाथनगर विधानसभा उपचुनाव में अपने पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में आए राजद के सदस्यता प्रभारी शिवचंद्र राम ने राज्य सरकार पर बाढ़ पीडि़तों के लिए कुछ नहीं कर पाने का आरोप लगाया।
भागलपुर [जेएनएन]। भागलपुर चारों तरफ से बाढ़ से घिरा हुआ है। बाढ़ में लोगों के घर छूट गए, फसलें डूब गईं, लेकिन शासन को इसकी जरा भी परवाह नहीं। बाढ़ पीडि़तों के लिए कुछ भी नहीं किया जा रहा है। ये बातें प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री सह राजद के सदस्यता प्रभारी शिवचंद्र राम ने कही।
नाथनगर विधानसभा उपचुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि राजद गठबंधन की मजबूत स्थिति है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान और जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं के समागम को बाढ़ की वजह से स्थगित कर दिया गया है। कार्यकर्ताओं को बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आने को कहा।
पूर्व मंत्री के साथ राबिया खातून, पीरपैंती विधायक रामविलास पासवान, जिलाध्यक्ष डॉ. तिरुपति नाथ यादव, मुन्ना सोनकर, डॉ. सलाहउद्दीन अहसन, राजाराम यादव, मेराज अख्तर चांद समेत काफी संख्या में राजद और गठबंधन के कार्यकर्ता उपस्थित थे।