जब दुर्लभ जलीय जीव पहुंचा रिहाइशी इलाका, फिर तो दहशत में आ गए लोग
नदियों में रहने वाला दुर्लभ जलीय जीव ऊदबिलाव को नाथनगर के घने रिहाइशी इलाके से पकड़ा गया। यह ऊदबिलाव जवाहर सिनेमा के सामने देखा गया था।
भागलपुर [जेएनएन]। नदियों में रहने वाला दुर्लभ जलीय जीव ऊदबिलाव को नाथनगर के घने रिहाइशी इलाके से पकड़ा गया। यह ऊदबिलाव जवाहर सिनेमा के सामने एलीमेंट्री स्कूल परिसर में देखा गया था। आनन फानन में स्कूल के प्राचार्य ब्रजेश शुक्ला ने इसकी सूचना मंदार नेचर क्लब के अरविन्द मिश्रा को दी। वे अपने सहयोगी गंगा प्रहरी दीपक कुमार के साथ वहां पहुंचे। वह ऊदबिलाव स्कूल के पास ही घरों और नालियों में दौड़ता दिखा।
दहशत में थे लोग
लोग तेज नाखून और दांत वाले इस जीव को देखकर दहशत में थे। मोहल्ले के लोगों ने इसे मार देने की योजना बना ली थी।
मछुआरे की टीम ने पकडऩे में पाई सफलता
खूब प्रयास के बाद जब वह पकड़ में नहीं आया। तब जाकर गंगा प्रहरी मछुआरे की टीम को बुलाया गया। उक्त टीम में शामिल बिशुन, नागे और संतोष महलदार सहित पांच लोगों ने उसे जाल में फंसाकर पकडऩे में कामयाबी हासिल की।
इस क्रम में मंदार नेचर क्लब के संयोजक अरविंद मिश्रा जख्मी भी हो गए। उन्होंने कहा गंगा से पांच किलोमीटर और चंपा से तीन किलोमीटर दूर इस विलुप्त हो रहे जीव का मिलना किसी कौतूहल से कम नहीं है। वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत यह संरक्षित जीव है। मुख्य रूप से यह जीव अर्द्ध जलीय स्तनधारी जानवर है। यह रहता तो जल में है पर बच्चे को जन्म बड़े झील के मांद में देता है।
गंगा के गहरे पानी में किया गया आजाद
अंत में पकड़े गए इस ऊदबिलाव को बरारी गंगा घाट के उस पार इसके स्वाभाविक परिवेश में छोड़ दिया गया। जहां बंधन मुक्त होते ही गंगा का गहरे जल में कूद पड़ा और चंद लमहों में ही तैरते हुए दूर निकल गया।