राजेंद्र पुल दोहरीकरण : 4 अक्टूबर तक मेगा ब्लॉक; जनसेवा और अजमेर हमसफर समेत कई ट्रेनें रद, विक्रमशिला भी रीशेड्यूल
East Central Railway Mega Block: राजेंद्र पुल पर दोहरीकरण कार्य के कारण 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक मेगा ब्लॉक ...और पढ़ें

East Central Railway Mega Block: राजेंद्र पुल दोहरीकरण को लेकर बड़ा मेगा ब्लॉक! जनसेवा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें रद, 3 घंटे लेट खुलेगी विक्रमशिला
HighLights
राजेंद्र पुल पर 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक मेगा ब्लॉक।
जनसेवा, हमसफर सहित कई ट्रेनें रद्द, कुछ के मार्ग बदले।
विक्रमशिला एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को 3 घंटे देरी से चलेगी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। East Central Railway Mega Block: उत्तर और दक्षिण बिहार को रेल नेटवर्क से सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मोकामा स्थित राजेंद्र पुल पर बन रहे नए रेल पुल की दोहरी लाइन को जोड़ने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत राजेंद्र पुल, हथिदह अपर, टाल, रामपुर डुमरा और सोनपुर मंडल के दिनकर ग्राम सिमरिया स्टेशन पर मेन लाइन से इंटरकनेक्शन का काम शुरू किया जा रहा है।
इस तकनीकी अपग्रेडेशन के लिए 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक प्री-नन इंटरलॉकिंग (Pre-NI) और नन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य हेतु व्यापक स्तर पर ब्लॉक लिया गया है।
राजेंद्र पुल पर नवनिर्मित दोहरी रेल लाइन और सिमरिया-बरौनी मेन लाइन कनेक्टिविटी के लिए 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलेगा एनआई कार्य
भागलपुर-मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस, अजमेर हमसफर और मालदा टाउन-आनंद विहार समेत कई प्रमुख ट्रेनें विभिन्न तिथियों में निरस्त
भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ और कामाख्या-दिल्ली ब्रह्मपुत्र मेल किऊल-गया ग्रैंड कॉर्ड होकर चलेंगी; बाघ व मिथिला एक्सप्रेस भागलपुर होकर डायवर्ट
3 अक्टूबर को अपने निर्धारित समय से 3 घंटे (180 मिनट) विलंब से रवाना होगी भागलपुर-आनंद विहार विक्रमशिला एक्सप्रेस व गोड्डा एक्सप्रेस
इस 14 दिवसीय ब्लॉक का व्यापक असर भागलपुर और अंग क्षेत्र के रेल यातायात पर पड़ेगा। इस दौरान भागलपुर-मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस सहित लंबी दूरी की कई मेल और हमसफर ट्रेनें निरस्त रहेंगी, जबकि कई प्रमुख एक्सप्रेस गाड़ियों को बदले हुए रूट से गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।
4 अक्टूबर तक ये ट्रेनें विभिन्न तिथियों में नहीं चलेंगी
तकनीकी कार्य के चलते रेलवे ने कई गाड़ियों के पहिए थाम दिए हैं:
13419/13420 भागलपुर–मुजफ्फरपुर–भागलपुर जनसेवा एक्सप्रेस: 25 सितंबर से 4 अक्टूबर तक दोनों ओर से पूर्णतः रद।
13031 हावड़ा–जयनगर एक्सप्रेस: 20 सितंबर से 3 अक्टूबर और 13032 जयनगर–हावड़ा एक्सप्रेस: 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक रद।
13415 मालदा टाउन–पटना एक्सप्रेस: 20, 23, 25, 27, 30 सितंबर व 2 अक्टूबर को और 13416 पटना–मालदा टाउन: 21, 24, 26, 28 सितंबर, 1 व 3 अक्टूबर को निरस्त।
13423 भागलपुर–अजमेर साप्ताहिक हमसफर: 24 सितंबर व 1 अक्टूबर और 13424 अजमेर–भागलपुर हमसफर: 26 सितंबर व 3 अक्टूबर को रद रहेगी।
13429 मालदा–आनंद विहार टर्मिनल: 25 सितंबर व 2 अक्टूबर और 13430 आनंद विहार–मालदा: 26 सितंबर व 3 अक्टूबर को रद।
14003 मालदा टाउन–नई दिल्ली एक्सप्रेस: 22, 26, 29 सितंबर व 3 अक्टूबर और 14004 नई दिल्ली–मालदा टाउन: 20, 24, 27 सितंबर व 1 अक्टूबर को निरस्त रहेगी।
गरीब रथ व ब्रह्मपुत्र मेल का बदला रूट, भागलपुर होकर चलेंगी ये ट्रेनें
यातायात सुचारू रखने के लिए रेलवे ने आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों को डायवर्टेड रूट से चलाने की व्यवस्था की है:
22405 भागलपुर–आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस: 22, 24, 26, 29 सितंबर और 1 व 3 अक्टूबर को किऊल–गया–पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (ग्रैंड कॉर्ड) होकर संचालित होगी।
15658 कामाख्या–दिल्ली ब्रह्मपुत्र मेल: 20 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नियमित मार्ग के बदले किऊल–गया होकर चलेगी।
13019 हावड़ा–काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस, 13021 हावड़ा–रक्सौल मिथिला एक्सप्रेस और 13105 सियालदह–बलिया एक्सप्रेस: ये ट्रेनें बर्धमान–रामपुरहाट–साहिबगंज–भागलपुर–मुंगेर–बरौनी के रास्ते चलाई जाएंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इनका साहिबगंज और भागलपुर में अतिरिक्त ठहराव निर्धारित किया गया है।
वापसी दिशा में 13020 बाघ एक्सप्रेस, 13022 मिथिला एक्सप्रेस और 13106 बलिया–सियालदह एक्सप्रेस भी बरौनी–मुंगेर–भागलपुर–साहिबगंज के रास्ते ही वापस लौटेंगी।
इसके अलावा पटना–दुमका एक्सप्रेस, दानापुर–भागलपुर इंटरसिटी, मौर्य एक्सप्रेस, गोरखपुर–कोलकाता पूर्वांचल एक्सप्रेस और अमरनाथ एक्सप्रेस को बख्तियारपुर, शेखपुरा, किऊल, मुंगेर, मालदा और कटिहार के रास्ते आंशिक रूप से मार्ग बदलकर निकाला जाएगा।
किऊल तक ही चलेगी मोकामा मेमू, विक्रमशिला 3 घंटे रीशेड्यूल
लोकल यात्रियों के लिए संचालित 63571 जसीडीह–मोकामा मेमू 20 सितंबर से 4 अक्टूबर तक केवल किऊल तक ही जाएगी और वहीं यात्रा समाप्त करेगी। वहीं, 63572 मोकामा–जसीडीह मेमू 21 सितंबर से 5 अक्टूबर तक मोकामा के बजाय किऊल से ही खुलेगी।
इधर, 3 अक्टूबर को भागलपुर से खुलने वाली प्रीमियम ट्रेन 12367 भागलपुर–आनंद विहार विक्रमशिला एक्सप्रेस अपने तय समय से 180 मिनट (3 घंटे) देरी से रवाना की जाएगी। इसी दिन 13229 गोड्डा–राजेंद्र नगर साप्ताहिक एक्सप्रेस भी गोड्डा से 3 घंटे रीशेड्यूल होकर खुलेगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा प्रारंभ करने से पहले नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) अथवा 139 पर ट्रेनों की वर्तमान स्थिति अवश्य जांच लें।
