फेनी चक्रवात से पूर्व बिहार में दो से पांच मई तक बारिश के आसार, जानिए... मौसम पूर्वानुमान
हिंदू महासागर और दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में हवा का भारी दबाव चक्रवाती तूफान का रूप ले लिया है। इस चक्रवात के एक मई तक तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र तट के पास पहुंचने की संभावना है।
भागलपुर [जेएनएन]। फेनी चक्रवात पूर्व बिहार में दो से पांच मई के बीच सक्रिय रहेगा। इसकारण इन चार दिनों में इसके कुछ जिलों में पांच से लेकर 25 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। इस दौरान औसतन 10 किलोमीटर की गति से दक्षिणी-पूर्वी हवा भी चलेगी। मौसम विभाग ने इसके कारण भागलपुर में 25, जमुई में 16, लखीसराय में पांच एवं मुंगेर में चार मिलीमीटर बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। वहीं बांका में आंशिक बादल छाए रहेंगे। शेखपुरा में मौसम साफ रहेगा। इन दो जिलों में बारिश नहीं होगी। पूर्व बिहार के शेष जिन जिलों में बारिश होगी वहां तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, लेकिन उमस भरी गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
बता दें कि हिंदू महासागर और दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में हवा का भारी दबाव चक्रवाती तूफान का रूप ले लिया है। फेनी नामक इस चक्रवात के एक मई तक तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र तट के पास पहुंचने की संभावना है। दो मई के बाद इसके उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। इस कारण पूर्व बिहार के कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। राज्य सरकार ने इसे लेकर अलर्ट भी जारी किया है।
मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। काया झुलसा देने वाली इस गर्मी से लोग दिनभर बेहाल रहे। औसतन 10 किलोमीटर की गति से चलेगी दक्षिणी-पूर्वी हवा, बांका में आंशिक बादल और शेखपुरा में मौसम रहेगा साफ, नहीं होगी बारिश