Bihar News: खगड़िया में NH-31 पर बड़ा हादसा, उद्योग प्रसार पदाधिकारी समेत तीन की मौत
Bihar News खगड़िया जिले के NH-31 पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पानी भरे गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों शवों को बाहर निकाला जा चुका है। एक की पहचान किशनगंज उद्योग विभाग के प्रसार पदाधिकारी के रूप में हुई है।
Bihar News, संवाद सूत्र, महेशखूंट( खगड़िया): खगड़िया के महेशखूंट थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर काजीचक ढाला के निकट सड़क हादसे में किशनगंज उद्योग विभाग में कार्यरत उद्योग प्रसार पदाधिकारी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना शुक्रवार देर रात की है। सभी स्विफ्ट डिजायर पर सवार थे। मृतकों में किशनगंज के उद्योग प्रसार पदाधिकारी ओंकार भानू, सहायक विनोद कुमार साह और गाड़ी के चालक रंजीत कुमार शामिल हैं। ओंकार भानू और विनोद कुमार पूर्णिया जिले के मरंगा ओपी के लालगंज और मेवालाल चौक के रहने वाले बताए गए हैं। जबकि चालक रंजीत कुमार पटना का रहने वाला था।
हालांकि, उनका मूल घर जहानाबाद जिला बताया जा रहा है। महेशखूंट थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि आरंभिक छानबीन के बाद पोस्टमार्टम के उपरांत ओंकार भानू और विनोद कुमार साह के शव उनके स्वजनों को सौंप दिया गया है। रंजीत कुमार के वाहन मालिक को सूचना दी गई है। स्विफ्ट डिजाइर पटना के अभिमन्यु सिंह की पत्नी के नाम से है। यह कामर्शियल वाहन है। ओंकार भानू और विनोद कुमार साह पटना से विभागीय बैठक से शामिल होकर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार ओंकार भानू और विनोद कुमार साह पटना से स्विफ्ट डिजाइर पर सवार होकर पूर्णिया को लौट रहे थे। इस दौरान एनएच 31 के काजीचक ढाला के पास बायीं ओर के गार्डर से टकराते हुए कार पानी भरे गड्ढे में चली गई।। तीनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही महेशखूंट पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। आरंभिक छानबीन के बाद शवों को पोस्टमार्टम में सदर अस्पताल भेजा। कोटघटना स्थल का निरीक्षण किया हूं। सड़क हादसे में किशनगंज उद्योग विभाग में कार्यरत उद्योग प्रसार पदाधिकारी समेत तीन लोगों की मौत हुई है। घटना स्थल के निरीक्षण से लगता है कि चालक को आंख लग गई होगी और गाड़ी अनबैलेंस होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।धीरेंद्र कुमार, डीटीओ, खगड़िया।
खगड़िया की अन्य खबरें
संवाद सूत्र, बेलदौर (खगड़िया): दो साइकिल के आमने सामने की भिड़ंत में एक साइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे स्वजनों के द्वारा इलाज के लिए बेलदौर पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जख्मी युवक बेला नौवाद गांव के रमेश कुमार हैं। जानकारी के मुताबिक रमेश साइकिल से बेलदौर बाजार आ रहे थे। इस दौरान पीरनगरा चौक के समीप दूसरे साइकिल सवार से आमने सामने की भिड़ंत हो गई। जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। डा. ब्रजेश कुमार ने बताया कि पीएचसी में प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। युवक को गहरा चोट है।
हथियार से लैस अपराधियों ने बाइक लूटी
जागरण संवाददाता, खगड़िया: आवास बोर्ड-अमनी रोड में बाइक सवार हथियार से लैस अपराधियों ने सैदपुर के अंकित कुमार की बाइक लूट ली। घटना गुरुवार शाम की है। शुक्रवार को इसकी सूचना पुलिस को दी गई। थाना में तीन अज्ञात अपराधियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष रतेश कुमार रतन ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है। जांच में स्पष्ट होगा कि मामला क्या है। इधर घटना बाद से हड़कंप मचा हुआ है।