स्वामी विवेकानंद जयंती : आकर्षक वेश में निकले बच्चे, शोभायात्रा के दौरान हुई पुष्प की बारिश Bhagalpur News
भागलपुर में स्वामी विवेकानंद की जयंती पर शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान आनंदराम ढांढनियां सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने विवेकानंद का रूप धरा था।
भागलपुर, जेएनएन। स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आनंदराम ढांढानिया सरस्वती विद्या मंदिर के भैया-बहनों ने आकर्षक झांकी निकाली। झांकी स्कूल से निकलकर बूढ़ानाथ चौक होते हुए गोलाघाट, रामसर चौक, कोतवाली चौक, खलीफाबाग चौक होते हुए विद्यालय पहुंची। झांकी के माध्यम से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को बताया।
चौक-चौराहों पर इनकी सुविधा के लिए टॉफी, बिस्किट और पेयजल की व्यवस्था स्थानीय लोगों ने की थी। पूरे रास्ते पुष्प वर्षा हुई। भैया-बहनें स्वामी विवेकानंद, मां काली, भारत माता, स्वामी रामकृष्ण परमहंस, भगिनी निवेदिता, शारदा मां सहित अन्य महापुरुषों के रूप में थे।
झांकी में स्काउट एवं गाइड, एनसीसी कैडटों ने भी भागीदारी दी। इससे पूर्व इसका शुभारंभ प्रबंध कारिणी समिति की सदस्या डॉ. वीणा झा, डॉ. उग्र मोहन झा, प्राचार्य अनंत कुमार सिंहा, उप प्रधानाचार्य रवि शंकर पांडेय ने संयुक्त रूप से किया।