बिहार विधानसभा उपचुनाव 2019 : महागठबंधन और एनडीए के लिए लिटमस टेस्ट है नाथनगर क्षेत्र Bhagalpur News
नाथनगर विधानसभा क्षेत्र में कुल तीन लाख 16 हजार 723 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए 307 मतदान केंद्र 187 भवनों में बनाए गए हैं। इस चुनाव में 14 प्रत्याशी हैं।
भागलपुर [संजय सिंह]। नाथनगर की विधानसभा सीट पर कब्जा को लेकर महागठबंधन और एनडीए ने पूरी ताकत झोंक दी है। दोनों गठबंधन के नेता चप्पे-चप्पे में जाकर मतदाताओं को रिझाने में जुटे हैं। इधर, पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने अपने दल हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा से अजय कुमार राय को मैदान में उतार कर चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है। इस कारण महागठबंधन की राजद प्रत्याशी राबिया खातून को चुनावी बाजी जीतने के लिए ज्यादा मशक्कत करनी पड़ रही है। इस समय इस विधानसभा की कई पंचायतें बाढ़ प्रभावित हैं। इसको लेकर यहां पहुंचने वाले नेताओं को मतदाताओं के कई तीखे सवालों के जबाव भी देने पड़ रहे हैं। यहां 21 अक्टूबर को उप चुनाव और 24 को मतगणना होगी।
तीन लाख 16 हजार 723 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
एनडीए की ओर से उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, मुंगेर सांसद ललन सिंह, राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह, विधान पार्षद ललन सर्राफ सरीखे नेता एनडीए प्रत्याशी लक्ष्मीकांत मंडल के लिए वोट मांग चुके हैं। इधर, राजद प्रत्याशी राबिया खातून के लिए पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी चुनाव प्रचार कर चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी भी अपने प्रत्याशी अजय कुमार राय के पक्ष में चुनाव प्रचार कर चुके हैं। ऐसी स्थिति में महागठबंधन को लेकर मतदाताओं में भी संशय की स्थिति है।
नाथनगर विधानसभा क्षेत्र में कुल तीन लाख 16 हजार 723 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए 307 मतदान केंद्र 187 भवनों में बनाए गए हैं। इस उप चुनाव में 14 प्रत्याशी मैदान में हैं। हर प्रत्याशी का अपना-अपना समीकरण और जीत का दावा है। लेकिन चुनावी परिणाम आने के बाद पता चल पाएगा कि मतदाताओं के बीच क्रेज एनडीए का है या महागठबंधन का। यह सीट पहले से जदयू के कब्जे में रहा है। यहां से विधायक रहे अजय मंडल के सांसद निर्वाचित होने के बाद इस सीट पर उप चुनाव हो रहा है। इससे पूर्व यहां से जदयू की सुधा श्रीवास्तव चुनाव जीती थीं।
नाथनगर विधानसभा उपचुनाव में 14 उम्मीदवार मैदान में हैं
-लक्ष्मीकांत मंडल- जनता दल (यूनाइटेड)- तीर
-राबिया खातुन - राष्ट्रीय जनता दल -लालटेन
-सुधीर शर्मा -कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया -हंसिया और बाली
-अजय कुमार राय -हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) -टेलीफोन
-डॉली कुमार -वंचित सामाज पार्टी -टीलर
-दयाराम मंडल -भारतीय दलित पार्टी -जूता
-रंजन कुमार सिंह -राष्ट्रीय समता पार्टी (सेक्युलर)-ट्रक
-अभय कुमार -निर्दलीय -ब्लैक बोर्ड
-अशोक कुमार -निर्दलीय- एयर कंडीश्नर
-जय करण पासवान -निर्दलीय -अंगूठी
-पवन कुमार साह -निर्दलीय -बांसुरी
-बीरबल कुमार -निर्दलीय -अलमारी
-मनजर आलम -निर्दलीय -अंगूर
-राजू यादव -निर्दलीय -सेब
चुनाव से जुड़ी प्रमुख तिथि
प्रचार का समापन-19 अक्टूबर
मतदान-21 अक्टूबर
मतगणना-24 अक्टूबर