बाएं करवट सोने की आदत डालें गर्भवती महिलाएं, परेशानी से बचेंगीं Bhagalpur News
शिशु को स्तनपान करवाने की अवधि के दौरान प्रतिदिन 550 किलो कैलोरी आहार लेना स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। पौष्टिक आहार लेने की वजह से मां और बच्चा स्वस्थ रहेंगे।
भागलपुर [जेएनएन]। दैनिक जागरण कार्यालय में प्रश्न पहर कार्यक्रम के दौरान स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता झा ने फोन के माध्यम से पाठकों के सवालों का जबाव दिया। पाठकों के जबाव के दौरान डॉ. सुनीता ने कहा कि गर्भधारण के पहले महिलाओं को मानसिक और शारीरिक रुप से तैयार रहना चाहिए। क्योंकि गर्भावस्था के दौरान मां के खान-पान पर ही शिशु का विकास निर्भर करता है। इस दौरान प्रतिदिन 330 किलो कैलोरी आहार लेना चाहिए। शिशु को स्तनपान करवाने की अवधि के दौरान प्रतिदिन 550 किलो कैलोरी आहार लेना स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। पौष्टिक आहार लेने की वजह से मां और बच्चा स्वस्थ रहेंगे। शिशु को स्तनपान कराने से स्वास्थ्य पूर्व की तरह हो जाता है। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान मां बीमार पड़े तो उसका समुचित इलाज करवाना चाहिए। इलाज नहीं करवाने की स्थिति में भी गर्भस्थ शिशु का विकास प्रभावित होता है।
माहवारी से जुडे सवालों का जवाब देते हुए डॉ सुनीता ने कहा कि अनियमित माहवारी के कई कारण होते हैं। गर्भवती महिला को ज्यादातर बाएं करवट सोने की आदत डालनी चाहिए। इससे रक्त संचार सही रहता है और गर्भस्थ शिशु का विकास बाधित नहीं होता। हीमोग्लोबीन की कमी से प्रसव के वक्त या बाद में रक्तश्राव होने की संभावना बढ़ जाती है। आयरन की गोली, दाल, सोयाबीन, हरी सब्जी, मौसमी फलों, अंकुरित चना, गुड़ आदि के सेवन से आयरन की कमी नहीं होगी।
प्रश्न : मुझे पिछले छह दिनों से बुखार है। सर्दी भी है। चेहरा में सूजन और मुंह में छाले पड़ गए हैं। - संतोषी तिवारी, सबौर
मौसम की वजह से ऐसा हो रहा है। एक सौ डिग्री बुखार हो तो पारासीटामाल खा लें। सर्दी के लिए सेट्रेजीन लें।
प्रश्न : मैं तीन माह से गर्भवती हूं। मुझे बुखार है। - अंकिता देवी, नाथनगर
टायफायड या ईकोलाई होगा, इसकी जांच करवा लें। गर्भावस्था में ये बीमारियां ज्यादा होती हैं। बाहर का भोजन नहीं करें। साफ शौचालय का उपयोग करें। गंदे शौचालय की वजह से भी ईकोलाई होता है।
प्रश्न : मेरी उम्र 50 वर्ष है। डेढ़ वर्ष से माहवारी बंद है। इस दौरान दिन में कई बार गर्मी कुछ देर के लिए लगती है। नींद भी नहीं आती है। - कृष्णा ठाकुर, तिलकामांझी
इस उम्र में माहवारी समाप्त होने का समय रहता है। अत: शारीरिक परिवर्तन भी होता है। परिवार के सदस्यों को भी मानसिक रुप से स्पोर्ट देने की आवश्यकता होती है। पौष्टिक भोजन करें। कैल्शियम की पूर्ति के लिए दूध, दही, सोयाबीन का सेवन करें।
प्रश्न : मेरी उम्र 45 वर्ष है। माहवारी के समय रक्तश्राव ज्यादा होता है। - रीता मिश्रा, आदमपुर
ज्यादा रक्तश्राव हो रहा है तो अस्पताल में इलाज करवा लें। क्योंकि, ज्यादा रक्तश्राव से कमजोरी होती है। हो सकता है कि बच्चादानी में ट्यूमर भी हो।
प्रश्न : मेरे दोनों बच्चे सिजेरियन से हुए थे। बीपी सामान्य से कम है। कभी-कभी चक्कर भी आता है। -सोनी कुमारी, नाथनगर
हिमोग्लोबीन की कमी से बीपी कम होता है। आयरन की दवा का सेवन करें। कुर्सी पर बैठे तो सामने मेज पर पैर रखें। लगातार दो-तीन घंटा खड़े रहकर काम नहीं करें।
प्रश्न : मेरी उम्र 25 वर्ष है। दो माह से माहवारी नहीं हुई है। - हमीदा परवीन, मिरजाफरी
हारमोन की गड़बड़ी की वजह से ऐसा होता है। अस्पताल में इलाज करवा लें। हारमोन की जांच भी जरुरी है।
प्रश्न : मेरी उम्र 22 वर्ष है। वजन कम है और सफेद पानी गिरता है। - रिंकू देवी, पीरपैंती
माहवारी समाप्त होने के बाद ज्यादा देर तक खड़ा रहने से सफेद पानी गिरता है। इसे लिकोरिया भी कहते हैं। अगर सफेद पानी सुखने के बाद हल्का पीला दिखे तो घबराने की बात नहीं है, यह सामान्य बात है। अगर बदबू आने लगे तो चिकित्सक से जांच करवाना चाहिए। माहवारी के दौरान कपड़ा और गंदा बाथरुम का उपयोग करने से लिकोरिया होता है। वजन बढ़ाने के लिए दूध, केला, दाल आदि का सेवन करना चाहिए।