विक्रमशिला सेतु पर जाम हटाने के लिए पुलिस ने बनाई रणनीति, जानें... नई व्यवस्था
पुलिस द्वारा सेतु समेत शहर में ओवरटेक ना करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके लिए सेतु के दोनों ओर बोर्ड लगाएं जाएंगे। उसमें लोगों से अपील की जाएगी कि वे ओवरटेक ना करें।
भागलपुर [जेएनएन]। विक्रमशिला सेतु पर जाम से निजात पाने के लिए पुलिस अलग अलग रणनीति तैयार कर रही है। इसके लिए बीच विक्रमशिला सेतु पर अस्थायी पुलिस शिविर बनाया जाएगा। इसके लिए सेतु पर जगह चिन्हित कर लिया गया है। एसएसपी आशीष भारती ने कहा कि सेतु पर ओवरटेक करने के दौरान कई बार जाम लग जाता है। ऐसे में गंगा ब्रिज टीओपी से जवानों को वहां तक पहुंचते-पहुंचते जाम विकराल रूप ले लेती है। शिविर रहने से तत्काल उसे दूर किया जा सकता है।
शेड में 24 घंटे तैनात रहेंगे जवान
अस्थायी पुलिस शिविर के लिए शेड का निर्माण लायंस क्लब कराएगी। इसके उन लोगों ने एसएसपी से जगह चिन्हित कर जानकारी देने को कहा गया है। लोहिया पुल पर भी लायंस ने ही अस्थायी शेड का निर्माण कराया है। लायंस क्लब के सदस्यों ने विभिन्न मुद्दों पर गुरुवार को एसएसपी से मुलाकात की थी।
ओवरटेक नहीं करने के लिए पुलिस करेगी जागरूक
पुलिस द्वारा सेतु समेत शहर में ओवरटेक ना करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके लिए सेतु के दोनों ओर बोर्ड लगाएं जाएंगे। उसमें लोगों से अपील की जाएगी कि वे ओवरटेक ना करें। इसके अलावा उसमें चेतावनी भी होगी कि ओवरटेक करते पकड़े जाने वालों से जुर्माना वसूला जाएगा। गौरतलब है कि सेतु पर ओवरटेक करने वाले वाहनों की वजह से लंबा जाम लग जाता है। सेतु पर जाम लगते ही पूरा शहर अस्त व्यस्त हो जाता है। जाम हटाने में पुलिसकर्मियों के भी पसीने छूट जाते हैं।