नाबालिग लड़की की जबरन करा रहे थे शादी, सिंदूरदान के पहले पहुंच गई पुलिस
नाबालिग लड़की की जबरिया शादी कराई जा रही थी कि ठीक सिंदूरदान के पहले पुलिस पहुंच गई। इसके बाद जो हुआ, उसे जानने के लिए जरूर पढ़ें यह खबर।
खगडिय़ा [जेएनएन]। घर में दुल्हन रो रही थी और परिजन खुशी के माहौल में डूबे थे। शादी की रस्में चल रहीं थीं। लेकिन, ठीक सिंदूरदान के पहले पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शादी को रोककर 20 साल के दूल्हे व उसके चाचा को गिरफ्तार कर लिया। घटना बीती रात खगडि़या के बेलदौर थाना क्षेत्र में हुई।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा बाल विवाह के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का असर अब दिखने लगा है। बेलदौर प्रखंड स्थित पचौत गांव में एक किशोरी से शादी रचाने आए 20 वर्षीय दूल्हा और चाचा को गिरफ्तार कर लिया गया। दूल्हा गिरिराज और उसके चाचा राम अवतार यूपी स्थित मुरादाबाद जिले के ततारपुर-घोसी के रहने वाले हैं।
गिरिराज पचौत गांव की एक 15 वर्षीया बच्ची से शादी करने पहुंचा था। सिंदूरदान की रस्म पूरी होती, इससे पहले बेलदौर पुलिस पहुंच गई और मंडप से दूल्हा व चाचा को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि इस संबंध में पंचायत सचिव कृष्ण देवदास के आवेदन पर तीन लोगों को नामजद किया गया है।