मुंगेर में पुलिस और नक्सली में मुठभेड़, 150 राउंड चली गोली
मुंगेर के धरहरा-खडग़पुर सीमा पर नक्सली और पुलिस में मुठभेड़ की खबर है। इस दौरान दोनों ओर से 150 राउंड गोली हुई। हालांकि किसी की हताहत होने की सूचना नहीं है।
मुंगेर, जेएनएन। धरहरा-खडग़पुर सीमा पर रविवार देर संध्या नक्सलियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से 150 गोलियां चली। देर शाम तक मुठभेड़ जारी थी। यद्यपि, इसमें किसी के हताहत होने की बात सामने नहीं आई है।
बताया जाता है कि लखीसराय जिले की भलुई पंचायत के मुखिया गणेश रजक सहित तीन लोगों को नक्सलियों ने अगुआ कर लिया था। नक्सलियों ने मुखिया व अन्य को लेवी वसूली के बाद मुक्त किया था। लखीसराय में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन के बाद नक्सलियों द्वारा धरहरा के पहाड़ी इलाकों में शरण लिए जाने की खबर के बाद एसटीएफ के डीएसपी पंकज कुमार ने शनिवार को भी धरहरा थाना क्षेत्र के न्यू पैसरा, अमरासनी, गोरैया, सखौल सहित पहाड़ी इलाकों को में सघन छापामारी की थी। रविवार को भी नक्सलियों पर नकेल कसने के लिए एसटीएफ के डीएसपी पंकज कुमार के नेतृत्व में खडग़पुर झील की ओर से छापेमारी अभियान चलाया गया। खडग़पुर झील से आगे बढ़ते ही पुलिस से धरहरा थाना क्षेत्र के उमड़ा पहाड़ के मंदिर पैसरा के नजदीक नक्सलियों की मुठभेड़ हो गई। डीआइजी मनु महाराज ने बताया कि खडग़पुर झील के आगे मुठभेड़ हुई है। एसटीएफ डीएसपी पंकज कुमार अभियान का नेतृत्व कर रहे है। अतिरिक्त पुलिस बलों को घटनास्थल पर रवाना किया गया है।
धरहरा में देखा गया था नक्सलियों का जत्था
नक्सली घटनाओं के लिए चर्चित धरहरा के पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर नक्सलियों की चहलकदमी बढ़ गई है। शनिवार को शाम लड़ैयाटांड थाना क्षेत्र की खोपावर पहाड़ी पर नक्सलियों का एक जत्था देखा गया। इसकी सूचना मिलते ही एसटीएफ डीएसपी पंकज कुमार ने सशस्त्र बलों के साथ सखौल, गोरैया, अमरासनी आदि पहाड़ी क्षेत्रों में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चलाया। बताया जाता है कि दो टुकडिय़ों में बंटे 15 से 20 हथियारबंद नक्सली इधर से गुजर रहे थे। एक लकड़हारे ने नक्सलियों को खोपावर से करैली की पहाडिय़ों की तरफ जाते हुए देखा। इस दौरान नक्सलियों ने लकड़हारे को जंगल में लकड़ी काटने से मना करते हुए भगा दिया। साथ ही कुछ दिनों के लिए जंगल आने पर भी पाबंदी लगा दी। चर्चा यह भी है कि पिछले दिनों लखीसराय क्षेत्र में मुखिया के अपहरण मामले के बाद हरकत में आई पुलिस से बचने के लिए नक्सलियों ने धरहरा क्षेत्र में शरण ली है। इस बाबत एसटीएफ डीएसपी पंकज कुमार ने बताया कि नक्सलियों की चहलकदमी की सूचना मिली है। इस पर पुलिस की नजर है।