Move to Jagran APP

धर्मसभा : विहिप की हुंकार... अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए लोग हो जाएं तैयार

भागलपुर में विश्व हिन्दू परिषद् की धर्मसभा में आए मुख्य वक्ता ने मंदिर निर्माण के प्रति ठोस कदम नहीं उठाने रोष प्रकट किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार शीघ्र अध्यादेश लाए।

By Dilip ShuklaEdited By: Published: Sun, 02 Dec 2018 09:42 PM (IST)Updated: Sun, 02 Dec 2018 09:42 PM (IST)
धर्मसभा : विहिप की हुंकार... अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए लोग हो जाएं तैयार
धर्मसभा : विहिप की हुंकार... अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए लोग हो जाएं तैयार

भागलपुर [जेएनएन]। विश्व हिन्दू परिषद् के केंद्रीय उपाध्यक्ष जगन्नाथ शाही ने राम मंदिर निर्माण के लिए कानून बनाने में देश के सांसदों से समर्थन मांगा है। शाही ने भागलपुर सहित देश के सभी दलों के सांसदों से राम मंदिर के निर्माण में विरोध नहीं करने की अपील की है। कहा कि केंद्र सरकार मंदिर निर्माण के लिए कानून बनाए।

loksabha election banner

शाही रविवार को जिला स्कूल के मैदान में विश्व हिन्दू परिषद् की धर्म सभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में घोषणा पत्र में मंदिर निर्माण का वायदा किया था। पीएम अपने किए गए वायदे को पूरा करे। धर्मसभा में मंदिर निर्माण का संकल्प लिया गया। शाही ने कहा कि यह धर्मसभा केंद्र सरकार को याद दिलाने के लिए किया गया है। इस तरह के आयोजन देश के सभी संसदीय क्षेत्रों में हो रहा है।

'राजनीति नहीं भगवान राम का विषय है मंदिर निर्माण'

भागलपुर में रविवार को विश्व हिन्दू परिषद् की धर्मसभा में आए मुख्य वक्ता ने मंदिर निर्माण के प्रति ठोस कदम नहीं उठाने पर वर्तमान मोदी सरकार सहित पूर्व के अटल-आडवाणी की सरकार की खूब आलोचना की। विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष जगन्नाथ शाही ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने अपनी चुनावी घोषणा पत्र में इस मुद्दे को शामिल किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद मोदी सरकार इस एजेंडे को भूल गई। इसी तरह अटल बिहारी वाजपेयी जब प्रधानमंत्री बने तो पहली पत्रकार वार्ता में तत्कालीन उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी ने यह कहकर पलड़ा झाड़ लिया कि उनके न्यूनतम प्रोग्राम में यह एजेंडा नहीं है। शाही ने कहा कि भाजपा के 1990 में पालमपुर अधिवेशन में यह प्रस्ताव पारित हुआ था कि राम जन्मभूमि में मंदिर का निर्माण होना चाहिए। शाही ने कहा कि राम मंदिर राजनीति का विषय नहीं है, यह भगवान राम का विषय है।

भागलपुर में विहिप का धर्मसभा

चुनावी घोषणा पत्र में किया गया वायदा पूरा करे पीएम मोदी

शाही ने कहा कि देश में राम मंदिर के नाम पर सरकार सत्ता में आई और एजेंडे से विमुख हो गई। विहिप धर्मसभा के माध्यम से जनता और सरकार को स्मरण करा रही है। स्थिति यह है कि इसी मुद्दे पर राजनीति कर कई नेता एमएलए,एमपी, मंत्री और राज्यपाल तक बन गए। अब देश में भारत माता की सेवा के लिए अच्छी सरकार की जरूरत है।

बाबरी मस्जिद टूटा था तो क्या तारीख बताई गई थी

शाही का मानना है कि राम का विरोध करना अर्थात राष्ट्र मंडल का विरोध करना है। उन्होंने रा से राष्ट्र और म से मंडल की बात कही। उन्होंने लोगों से कहा कि जो है आपके पास वह राम की कृपा से है। धर्मसभा में उन्होंने कहा कि जब बाबरी मस्जिद टूटा था तो क्या तारीख बताई गई थी। शाही ने कहा कि मंदिर बनाएंगे, तारीख नहीं बताएंगे। विहिप के केंद्रीय नेता ने राहुल गांधी जबरदस्ती के हिन्दू हैं वहीं नरेंद्र मोदी जबरदस्त हिन्दू हैं। मोदी का पूरा परिवार हिन्दू है। शाही ने मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि मंदिर बनवाने से ही अच्छे दिन आएंगे। इसके पूर्व अपने भाषण की शुरुआत में कहा कि यह कर्ण की धरती है। यह तीर्थस्थली है। कहा कि भगवान राम ने जहां जन्म लिया था, इससे पवित्र भूमि कोई नहीं हो सकती है।

भागलपुर में विहिप का धर्मसभा

न्याय नहीं मिला तो प्रयाग के कुंभ में संत समाज मंदिर निर्माण के लिए लेंगे निर्णय

संवाददाता सम्मेलन में शाही ने कहा कि चार वर्षों तक देश के साधु संतों ने धैर्य का परिचय दिया है। अब अगर संत समाज को न्याय नहीं मिला तो प्रयाग में अगले वर्ष 30, 31 जनवरी और एक फरवरी को लगने वाले कुंभ में मंदिर निर्माण के लिए निर्णय लिया जाएगा। शाही ने कहा कि संत समाज को अब तक न्याय होता नहीं दिख रहा है। इसलिए सरकार से उम्मीद है कि वह कानून बनाकर इस कार्य को पूरा कराए। धर्मसभा के माध्यम से शाही ने आम जनता से आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। शाही ने उन मुसलमान भाइयों का अभिनंदन किया जिन्होंने मंदिर निर्माण का पक्ष लिया है। जो विरोध कर रहे हैं उनसे विरोध त्यागने की भी अपील की। कहा कि प्रभु राम का विरोध करने से कल्याण नहीं होगा।

भागलपुर में विहिप का धर्मसभा

अयोध्या में हुई खुदाई में मिले थे मंदिरों के अवशेष

मातृ शक्ति की प्रांतीय पदाधिकारी अनिता सिंह ने रविवार को धर्मसभा में कहा कि अयोध्या में हुई 52 एकड़ भूमि की खुदाई में मंदिरों के अवशेष मिले थे। वहां मंदिर निर्माण के लिए सभी साक्ष्य और सबूत उपलब्ध है। इसके बावजूद सरकार मंदिर निर्माण की दिशा में आगे कदम नहीं उठा रही है। अनिता ने कहा कि सरकार की आत्मा मर गई है। युवाओं में जोश भरने की जरुरत है। कहा कि युवा जागेगा तभी मंदिर बनेगा।

  विहिप की धर्मसभा भागलपुर

हिन्दू जागृत हो चुका है

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा कि देश का हिन्दू समाज न्याय की प्रतीक्षा में वर्षो से है। कोर्ट में यह मामला वर्षों से लटका हुआ है। संत समाज को एकजुट होकर मंदिर निर्माण के लिए तैयार होना होगा। कहा कि हिन्दू जागृत हो चुका है, सिर्फ आगे आने की जरूरत है। हम सहनशील हैं इसलिए अत्याचार हो रहा है। उन्होंने युवाओं से अयोध्या कूच करने का आह्वान किया।

इसके पूर्व पीरपैंती के लाल बाबा और भानू प्रताप ने मंदिर निर्माण के लिए जुट जाने का अपील की। भानू ने सुल्तानगंज स्टेशन का नाम अजगवीनाथ धाम रखने की मांग की। लाल बाबा ने फरवरी से मंदिर निर्माण करने की बात कही। धर्मसभा के मंच पर बजरंग दल के दक्षिण बिहार के संयोजक रजनीश कुमार भी थे। महानगर उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। सभा का संचालन जिला मंत्री पारस शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में संघ परिवार के कई सदस्य लगे थे।

विहिप की धर्मसभा भागलपुर

मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष रोहित पांडेय, हरिवंश मणि सिंह, नभय चौधरी, उपाध्यक्ष संतोष कुमार, दिलीप निराला, महिला इकाई की जिला अध्यक्ष लीना सिन्हा, पूर्व उपमेयर डॉ. प्रीति शेखर, दीपक सिंह, निरंजन प्रसाद साहा, हरविन्‍द नारायण भारती, राकेश सिन्हा, पूर्व विधायक अमन कुमार, ललन पासवान, डॉ. किरण सिंह, अर्जित चौबे, श्वेता सिंह, आरती कुमारी, गौतम कुमार उर्फ बंटी यादव, रोशन सिंह, सुधीर भगत, अभय घोष, प्‍यारे हिन्‍द और राज किशोर सिंह आदि थे। कार्यक्रम में जिले भर के हजारों लोग शामिल हुए। शाही के भाषण के बीच में लगातार राम मंदिर के पक्ष में नारे लगते रहे। इसके पूर्व शाही सहित अन्य अतिथियों को प्रस्तावित राम मंदिर की तस्वीर भेंट की गई।

  विहिप की धर्मसभा भागलपुर

फ्लाप धर्मसभा

जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह प्रवक्ता विपिन बिहारी यादव ने जारी बयान में कहा है कि आरएसएस और विहिप द्वारा भागलपुर में आयोजित संकल्प धर्मसभा फ्लाप रहा। इसमें आमलोगों की सहभागिता नहीं थी। इससे यह जाहिर होता है कि साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में मोदी सरकार ने कुछ भी विकास का कार्य नहीं किया। अब लोगों का ध्यान भटकाने के लिए राम जन्मभूमि का राग अलाप रहे हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.