आठ जुलाई को राजग में शामिल होंगे पप्पू यादव
मधेपुरा सांसद पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी का आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजग में शामिल होना लगभग तय है। अगले सप्ताह आठ जुलाई को इसकी औपचारिक घोषणा हो सकती है। घटक दलों के नेताओं के स्तर पर भी इस बारे में गहन चर्चा हो चुकी है।
भागलपुर [शंकर दयाल मिश्र]। मधेपुरा सांसद पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी का आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजग में शामिल होना लगभग तय है। अगले सप्ताह आठ जुलाई को इसकी औपचारिक घोषणा हो सकती है। घटक दलों के नेताओं के स्तर पर भी इस बारे में गहन चर्चा हो चुकी है।
सूत्रों के अनुसार, पप्पू यादव और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बीच दिल्ली में दो दौर की वार्ता हुई है। इसके बाद दोनों पार्टियों के बीच चुनावी गठबंधन का खाका खींचा गया है। भाजपा की ओर से इसकी फौरी जानकारी राजग के अन्य घटक दलों लोजपा, रालोसपा और हम को दी गई। इसके बाद गठबंधन की साथी पार्टियों ने भी इसकी सहमति दे दी।
इस फैसले को यादव मतदाताओं में पैठ बनाने की भाजपा की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। सूत्रों का यह भी दावा है कि जन अधिकार पार्टी को 20 सीटें मिलनी संभावित हैं। हालांकि, सीट बंटवारे की अंतिम बातचीत अभी शेष है।
इधर, पप्पू यादव कहते हैं कि गठबंधन 'अभी' फाइनल नहीं हुआ है। इसकी जानकारी वे बाद में देंगे। उल्लेखनीय है कि पप्पू यादव हाल ही में राजग में शामिल पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी के बड़े समर्थक के रूप में उभरे हैं। राजद से निकाले जाने के बाद उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू यादव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। इसे देखते हुए न सिर्फ राजनीतिक गलियारे में, बल्कि आम लोग भी पप्पू यादव की पार्टी का राजग में शामिल होना तय मानने लगे हैं। हालांकि, पप्पू बीच-बीच में नीतीश कुमार को भी अच्छा आदमी बता देते हैं, जिससे उनके अगले कदम को लेकर भ्रम की स्थिति भी उत्पन्न होती रही है।