पप्पू यादव ने किया ऐलान, बिहार की इन तीन सीटों पर JAP लड़ेगी लोस चुनाव
जाप सुप्रीमो पप्पू यादव ने लोकसभा चुनाव में बिहार में तीन सीटों पर लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने शनिवार को खगड़िया में मीडिया के सामने तीनों सीटों के नाम भी गिनाए।
खगडि़या [जेएनएन]। जाप सुप्रीमो पप्पू यादव ने लोकसभा चुनाव में बिहार में तीन सीटों पर लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने शनिवार को खगड़िया में मीडिया के सामने तीनों सीटों के नाम भी गिनाए। उन्होंने साफ कहा कि जाप हर हाल में मधेपुरा, पूर्णिया और खगड़िय़ा से लोकसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को इस बात से अवगत करा दिया गया है।
पप्पू यादव ने कहा कि अगर विपक्ष बीजेपी को रोकना चाहता है, तो उसमें कांग्रेस को अलग कर कोई भी गठबंधन सफल नहीं हो सकता है। उनका इशारा यूपी की ओर था, जहां सपा व बसपा ने कांग्रेस को किनारा करते हुए गठबंधन कर लिया और अब बिहार में कुछ ऐसी रणनीति महागठबंधन में चल रही है।
उन्होंने कांग्रेस को आंख दिखाने वालों को सावधान भी किया। कहा, अलग-अलग चुनाव लड़ें, तो सभी पार्टियों को हकीकत का पता चल जाएगा। उन्होंने नीतीश सरकार पर भी खुलकर हमला बोला। कहा कि बिहार में हत्या, दुष्कर्म, लूट आदि की घटनाएं बढ़ी हैं। आज व्यवसायी से लेकर आमजन तक सुरक्षित नहीं हैं। सिस्टम ध्वस्त हो गया है। ऐसे में नीतीश सरकार किस शांति की बात कर रही है, यह समझ से परे है।
पप्पू ने कहा कि सुरक्षा मुद्दा क्यों नहीं है? लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। बोले, एक दही-चूड़़ा और तिलकुट खाने में व्यस्त हैं, तो एक पैर छूने में लगे हुए हैं। किसानों, युवाओं से इन्हें कोई मतलब नहीं है। राजनीति में माफिया का दखल बढ़ता जा रहा है। इस अवसर पर जाप किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मनोहर यादव, युवा शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी, जिलाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह, नगर पार्षद रणवीर कुमार, शिवराज यादव, जाप जिलाध्यक्ष कृष्णानंद यादव आदि उपस्थित थे।