नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में पदयात्रा मंगलवार को, घर-घर कर रहे संपर्क Bhagalpur News
भागलपुर में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में भी अब लोग उतरने लगे है। इसी सिलसिले में 24 दिसंबर को भागलपुर में समर्थन पदयात्रा निकाली जाएगी।
भागलपुर, जेएनएन। भागलपुर में भारत बचाओ समिति नागरिकता संशोधन विधेयक का समर्थन करेगी। इस समिति के तत्वावधान में कई सांस्कृतिक, सामाजिक, धार्मिक और राजनीति संगठनों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। 24 दिसंबर मंगलवार को नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में 12 बजे घंटाघर से जन समर्थन यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा घंटाघर से शुरू होकर कोतवाली चौक, स्टेशन चौक, लोहियापुल, पटलबाबू रोड होते हुए घंटाघर चौक पर समाप्त होगी। कार्यक्रम को लेकर बरारी, तिलकामांझी, ईश्वरनगर, मिरजानहाट, केशवनगर, माधवनगर, नाथनगर, चंपानगर, विश्वविद्यालय आदि क्षेत्र में संपर्क और जनजागरण का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस दौरान पर्चा वितरित कर नागरिकता संशोधन कानून के बारे में जानकारी दी जा रही है। बैठक में यह तय किया गया कि इस समर्थन पदयात्रा में सिर्फ भारत बचाओ समिति का ही बैनर रहेगा। बैनर के अलावा लोग भगवा और तिरंगा झंडा लेकर रहेंगे। पदयात्रा के दौरान दो खुली चारपहिया वाहनों से लोगों को संबोधित किया जाएगा।
इस संबंध में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भागलपुर स्थित नूतन बाड़ी कार्यालय में भारत बचाओ समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता हरविंद नारायण भारती ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में भागलपुर में ऐतिहासिक समर्थन रैली निकाली जाएगी। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा केंद्र सरकार ने बिना किसी पूर्वाग्रह से इस विधेयक को राष्ट्रहित में पास किया है। यह विधयक भारत में रहने वाले किसी भी धर्म और पंथ के लोगों के खिलाफ नहीं है।
श्री भारती ने देश में हो रहे इस बिल के विरोध की काफी आलोचना की। उन्होंने कहा यह बिल भारत की राष्ट्रीय एकता को और मजबूत करेगा। बैठक में भारत बचाओ समिति द्वारा समर्थन रैली निकालने का निर्णय लिया गया। इसके लिए भागलपुर नगर के सभी उपनगरों में समिति बनाई गई। बैठक में दो दर्जन ज्यादा लोग शामिल थे।
इसके बाद इसकी तैयारी के लिए ईश्वरनगर, बरारी, केशवनगर, माधवनगर, नाथनगर, चंपानगर, तिलकामांझी, विश्वविद्यालय आदि क्षेत्रों में बैठकें हुई। बैठक में प्रत्येक घरों में जाकर संपर्क करने का निर्णया लिया गया। संपर्क के दौरान लोगों को नागरिकता संशोधन विधेयक के बारे में सही जानकारी दी जाएगी। सभी से इसके समर्थन में हो रहे पदयात्रा में शामिल होने के लिए आग्रह जाएगा। इस कानून के समर्थन में मंगलवार को ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भी समर्थन रैली निकालेगी।