पत्नी की हत्या से आक्रोशित पति ने हत्यारे से कुछ इस लिया बदला, उतार दिया मौत के घाट
सुपौल में आपसी विवाद में जहां एक ओर एक युवक ने अपनी चचेरी भाभी की हत्या कर दी। इसी गुस्से में उसके पति ने भी पत्नी के हत्यारे की हत्या कर दी।
सुपौल, जेएनएन। मामूली विवाद में युवक ने एक महिला की हत्या कर दी। हत्या शुक्रवार को हुई। लेकिन महिला के पति इस घटना से काफी गुस्से में थे। उसने अपनी पत्नी के हत्यारे युवक को आज ऐसी सजा दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के सिमरा गांव के अनुसूचित टोला के वार्ड नंबर 13 में पुरानी रंजिश में शुक्रवार को एक युवक ने जहां चचेरी भाभी को गले में चाकू गोंद हत्या कर दी। वहीं मृतका के पति ने उक्त युवक को दबिया से काट मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना दिन के लगभग तीन बजे की बताई जा रही है। लोगों ने बताया कि उक्त टोला निवासी पवन सादा और उसके चचेरे भाई लक्ष्मण सादा के बीच कोई पुराना विवाद चल रहा था। विवाद को ले एक बार पंचायत भी हुई और पंचायत में पवन सादा को सात हजार रूपये जुर्माना भी किया गया। उसी विवाद को ले पवन सादा और उसकी चचेरी भाभी पवन देवी के बीच बकझक शुरू हुई और बात हाथापाई पर आ गई।
इसी दौरान पवन सादा ने पवन देवी को गले के पास चाकू से गोदकर उसके ही आंगन में उसकी हत्या कर दी। उसके बाद जब पवन देवी का पति लक्ष्मण सादा घर आया और अपनी पत्नी पवन देवी को मृत पाया तो वह गुस्से में पवन सादा को खोजने लगा। तत्पश्चात पवन सादा उसे घर से कुछ दूर रोड पर मिला जहां उसने पवन सादा के गले व चेहरे पर दबिया से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद मामले की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। सूचना पर डीएसपी विद्यासागर एवं थानाध्यक्ष दीनानाथ मंडल घटनास्थल पर पहुंचे और लक्ष्मण सादा से घटना के बाबत पूछताछ करने लगे। लक्ष्मण सादा ने यह स्वीकारा कि उसने पवन सादा की हत्या की है। तत्पश्चात उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों शव को अपने कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले गई है। वहीं पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।