अपहरण कर वृद्ध की हत्या, विश्वविद्यालय प्रेस स्थित झाड़ी में मिला शव
मृतक महमूद की बेटी ने आरोप लगाया है कि कबीरपुर गढ़ैया निवासी मु.तनवीर ने ही पिता को गायब किया था। वो ही चाय पीने के बहाने पिता को बुलाकर ले गया था।
भागलपुर [जेएनएन]। बीते पांच दिन पूर्व शनिवार की देर शाम अपहृत किए गए वृद्ध की अज्ञात अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी। शव को विश्वविद्यालय प्रेस स्थित चारदीवारी के अंदर झाड़ी में फेंक दिया। अपराधियों ने हत्या के बाद एक हाथ भी काट दिया था। सूचना पर ललमटिया व विश्वविद्यालय थाने की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंची। शव की शिनाख्त कबीरपुर निवासी मु.महमूद (59) के रूप में हुई। शव की पहचान मृतक की पत्नी अंजुम और उनके परिजन ने की। महमूद मूल रूप नवगछिया के खरीक थानाक्षेत्र के मिजराफरी का रहने वाला है। वह 30 वर्षों से ललमटिया के कबीरपुर कारगिल में अपने परिवार के साथ रहता था।
बीते रविवार को मृतक महमूद की पत्नी अंजुम ने ललमटिया थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था। दिए आवेदन में उन्होंने लिखा था कि 16 मार्च को करीब रात 8 बजे खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। इसके बाद वो नही लौटे। खोजबीन के क्रम में पता चला कि कबीरपुर गढ़ैया तनवीर के साथ रात में उन्हें देखा गया है। मृतक महमूद कबीरपुर कारगिल स्थित विवादित 8 बीघा जमीन में एक झोपड़ीनुमा मकान में 30 वर्षों से रह रहा था।
मृतक महमूद की बेटी गुलफसा ने आरोप लगाया है कि कबीरपुर गढ़ैया निवासी मु.तनवीर ने ही पिता को गायब किया था। वो ही चाय पीने के बहाने पिता को बुलाकर ले गया था। शनिवार की रात तक जब पिता नहीं लौटे तो हम लोग पूरा परिवार मिलकर रविवार की सुबह 4 बजे तनवीर के घर पर पिता के बारे में जानकारी लेने गए थे। जब पुलिस ने तनवीर को पकड़ा तो उसने क्यूम का नाम बताया। क्यूम को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद बुधवार को छोड़ दिया। इसके बाद गुरुवार को मेरे पिता का शव मिला।
वहीं पुलिस ने विश्वविद्यालय प्रेस में तैनात दरवान ब्रज किशोर सिंह से पूछताछ किया है। उसने बताया कि मेरी ड्यूटी दिन में है। रात में कोई दूसरा दरवान रहता है। आशंका जताया जा रहा है कि दो तीन दिन पूर्व ही हत्या कर शव को हतकोटरा पीर बाबा के मज़ार परिसर से पेड़ के सहारे दीवार पर चढ़ कर शव को प्रेस के चारदीवारी के अंदर को रात में फेक दिया गया। पेड़ और दीवार पर खून के निशान मिले हैं। क्योंकि विश्वविद्यालय में सोमवार होकर होली की छुट्टी हो गयी थी। शव को देखने के बाद ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या दो तीन दिन पूर्व ही कर दी गयी है।
ललमटिया थानाध्यक्ष बब्लू कुमार ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे स्थानीय लोगों के द्वारा सूचना मिली कि विश्वविद्यालय प्रेस के अंदर एक शव पड़ा हुआ है। शव को पोस्मार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की पड़ताल की जा रही है।