बिहार में गणतंत्र दिवस समारोह में बच्चों की नो एंट्री, झांकी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित, कोसी और पूर्वी बिहार से आई ये खबर
बिहार में कोरोना संक्रमण तेजी के साथ बढ़ रहा है। लिहाजा गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है। बांका जमुई लखीसराय सुपौल कटिहार अररिया में होने वाले कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है। बांका में...
जागरण टीम: बिहार में बढ़ते हुए कोरोना संक्रमण को देखते हुए गणतंत्र दिवस समारोह पर बच्चों की नो एंट्री कर दी गई है। बिहार के सभी जिलों के प्रशासन द्वारा कोरोना प्रोटोकाल को ध्यान में रखते हुए ध्वज फहराया जाएगा। सभी जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम रद कर दिए गए हैं। कुछ चुनिंदा लोगों को ही समारोह में आमंत्रित किया गया है। सोशल डिस्टेंसिंग के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। पढ़ें कुछ जिलों से आई रिपोर्ट...
बात करें बांका की तो यहां गणतंत्र दिवस समारोह आरएमके मैदान में आयोजित होगा। सुबह नौ बजे जिलाधिकारी सुहर्ष भगत ध्वज फहराएंगे। कोरोना के कारण सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं होगा। 25 जनवरी को ही स्वंतत्रता सेनानियों के घर पर ही जाकर संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकरियों द्वारा चादर देकर सम्मानित किया जाएगा। समारोह में स्कूली बच्चों के प्रवेश पर रोक है। सलेक्टेटेड लोगों को बुलाया जाएगा। कोरोना गाइडलाइन का पालन किया जाएगा।
लखीसराय में गणतंत्र दिवस
मुख्यालय स्थित गांधी मैदान में डीएम संजय कुमार सिंह ध्वज फहराएंगे। परेड की सलामी लेंगे। झांकी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। फैंसी क्रिकेट और फुटबॉल मैच भी नहीं होगा।
कटिहार में गणतंत्र दिवस
गणतंत्र दिवस समारोह पर भी कोरोना का ग्रहण लग गया है। समारोह में आमलोगों को आमंत्रित नही किया जाएगा। मुख्य समारोह में गणमान्य लोगों विशिष्ट अतिथियों की संख्या एक चौथाई रहेगी। 6 से सात झांकी की ही अनुमति। सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नही होगा।
अररिया में गणतंत्र दिवस की तैयारी
अररिया में गणतंत्र दिवस पर नेताजी सुभाष स्टेडियम में डीएम झंडोत्तोलन किया जाएगा। किसी तरह समारोह व सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होगा।
जमुई में गणतंत्र दिवस
संक्रमण के साए में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम मैदान में किया जाएगा। यहां कोरोना गाइडलाइन के अनुरूप समारोह होगा। समारोह से स्कूली बच्चों को दूर रखा जाएगा। स्वतंत्रता सेनानियों को उनके घर जाकर सम्मानित किया जाएगा। किसी को भी आमंत्रित नहीं किया जाएगा।
किशनगंज में गणतंत्र दिवस
किशनगंज में कोरोना संक्रमण को लेकर सादे समारोह में असफाक उल्लाह खां स्टेडियम में गणतंत्र दिवस का मुख्य आयोजन होगा। समारोह में आम लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ई कार्ड के माध्यम से गणमान्य लोगों को आमंत्रण भेजा जाएगा और जिला पुलिस बल और होमगार्ड के द्वारा परेड का आयोजन होगा। वहीं कम संख्या में स्कूली बच्चों द्वारा राष्ट्रगान के साथ कुछ प्रस्तुतियां होगी।
सहरसा में रिपब्लिक डे
गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन पूरी तरह कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए किया जाएगा। परेड में शारीरिक दूरी का पालन किया जाएगा। स्वतंत्रता सेनानियों को समारोह में आमंत्रित करने के बजाय उनके घर पर जाकर ही सम्मानित किया जाएगा। फेसबुक लाइव एवं वेबकास्टिंग के माध्यम से आमजन के लिए सीधा प्रसारण किया जाएगा।