'बिहार में लोकसभा चुनाव जीतने के लिए नीतीश का नाम ही काफी'
जदयू नेता ने कहा कि बिहार में भाजपा और जदयू 17-17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। शेष सीटों का बंटवारा दोनों दलों के बीच होगा। उन्होंने कहा कि एनडीए का लक्ष्य है बिहार में 40 सीट जीतने का।
भागलपुर (जेएनएन)। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने कहा है कि राजद किस संविधान को बचाने की बात कर रहा है। 2005 के पहले तक दलित और महादलित को एकल पद पर आरक्षण का अधिकार नहीं था। सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्ष 2006 में दलित और महादलितों के लिए आरक्षण की व्यवस्था लागू कर उन्हें अधिकार दिया। उन्होंने कहा कि बिहार में लोकसभा चुनाव जीतने के लिए नीतीश कुमार का नाम ही काफी है। नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए इतना कुछ कर दिया है कि जनता इनके नाम पर ही वोट दे देगी। उन्होंने एनडीए में किसी प्रकार टूट की संभावना से इंकार किया।
सोमवार को पूर्णिया में दलित महासम्मेलन से भागलपुर देर शाम लौटने के बाद श्याम ने कहा कि बिहार में सीएम नीतीश कुमार के नाम पर एनडीए लोकसभा की 40 सीटों पर जीत हासिल करेगा। रजक ने कहा कि भाजपा और जदयू के साथ कुशवाहा की रालोसपा और पासवान की लोजपा एनडीए में साथ है। उन्होंने कहा कि अरवल में महज संयोग रहा कि एक ही परिसदन में रालोसपा के उपेंद्र कुशवाहा और राजद के तेजस्वी ठहरे थे। दोनों के बीच की मुलाकात को तूल दे दिया गया। दावा किया कि एनडीए मजबूत है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में जदयू 20 और भाजपा की 12 सीटों पर जीत हुई थी। उधर, चर्चा है कि भाजपा और जदयू बिहार में 17-17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। शेष छह सीटों का बंटवारा दोनों दलों के बीच होगा। उन्होंने कहा कि दल चाहे जो भी हो, लक्ष्य है बिहार में 40 सीट जीतने की। कहा कि वे लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। रजक ने कहा कि बड़े लक्ष्य के लिए सभी दलों को कुछ न कुछ त्याग करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद 70 फीसद आबादी को न्याय नहीं मिला था। यह वर्ग उपेक्षित रहा था। नीतीश कुमार ने इस वर्ग के उत्थान के लिए कई योजनाओं को लाया।
सात निश्चय योजना को बनेगी पर्यवेक्षण कमेटी
राज्य में मुख्यमंत्री सात निश्चय की योजना की देखरेख के लिए जिला स्तर पर छह सदस्यीय कमेटी बनाने पर सरकार के स्तर पर मंथन चल रहा है। इस कमेटी में जिला इकाई, महिला, युवा, छात्र, अत्यंत पिछड़ा और महादलित इकाई के जिला अध्यक्ष होंगे। यह कमेटी क्षेत्र भ्रमण में योजनाओं का पर्यवेक्षण कर प्रतिवेदन देगा। सात दिनों के अंदर इस पर कार्रवाई होगी। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा है कि राज्य स्तर पर एक शिकायत सेल का भी गठन किया जा रहा है।
महादलित सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे आरसीपी सिंह सहित मंत्रीगण
बांका के डुमरामा में जदयू के दलित-महादलित सम्मेलन में भाग लेने के लिए देर शाम जदयू के राष्ट्रीय महासचिव सह सांसद आरसीपी सिंह भागलपुर पहुंचे। इसके अलावा राज्य सरकार के भवन निर्माण मंत्री महेश्वर हजारी और कैबिनेट मंत्री रमेश ऋषिदेव भी आए। पार्टी के नेताओं और मंत्रियों का स्वागत किया गया। पूर्व मेयर दीपक भुवानिया, राज्य महादलित आयोग के सदस्य संजय राम, युवा जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष श्रवण भगत ने स्वागत किया। संजय ने पार्टी के नेताओं से मिलकर दावा किया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों से काफी संख्या में दलित और महादलित समाज के लोग सम्मेलन में भाग लेने जाएंगे।