दुकान में पति को भूना, भागती पत्नी की आंख में मारी 2 गोलियां, भागलपुर में दंपति का मर्डर, भड़के ग्रामीणों का हंगामा
Naugachia Crime News: भागलपुर के नवगछिया के इस्माइलपुर में अपराधियों ने चाय-नाश्ता दुकानदार रंजन और उनकी पत्नी किरण देवी की ...और पढ़ें
-1792648529322_m.webp)
Naugachia Crime News: पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के हटिया के समीप चाय-नाश्ता दुकानदार दंपति की अपराधियों ने गोली मारकर की निर्मम हत्या।
HighLights
नवगछिया में चाय दुकानदार दंपति की गोली मारकर हत्या।
अपराधियों ने पहले पति को, फिर भागती पत्नी को मारा।
ग्रामीणों ने शव उठाने से रोका, पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन।
संवाद सूत्र, नवगछिया (भागलपुर)। Naugachia Crime News: पुलिस जिला नवगछिया के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हटिया के समीप गुरुवार की अहले सुबह अपराधियों ने दुस्साहस का नंगा नाच करते हुए चाय-नाश्ता बेचने वाले एक दुकानदार और उसकी पत्नी की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी।
अपराधियों ने पहले दुकान में सोए पति को गोली से छलनी किया और फिर शोर मचाते हुए जान बचाकर भाग रही पत्नी का पीछा कर उसकी आंख में दो गोलियां दाग दीं। दिल दहला देने वाले इस दोहरे हत्याकांड (डबल मर्डर) के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। घटनास्थल पर हजारों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और लोगों ने शव उठाने से रोकते हुए जमकर हंगामा शुरू कर दिया।
दुकान में सो रहे थे पति-पत्नी, तड़के अपराधियों ने बोला धावा
जानकारी के अनुसार, हटिया के समीप चाय और नाश्ते की दुकान चलाने वाले रंजन और उनकी पत्नी किरण देवी रोजाना की तरह गुरुवार सुबह अपनी दुकान के भीतर ही सो रहे थे। अहले सुबह जब चारों तरफ सन्नाटा पसरा हुआ था, तभी अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने दुकान में धावा बोल दिया।

अपराधियों ने सबसे पहले सोए हुए रंजन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। गोली की आवाज और पति को खून से लथपथ देख पत्नी किरण देवी चीखते-चिल्लाते हुए अपनी जान बचाने के लिए दुकान से बाहर निकलकर पास स्थित अपने घर की तरफ भागीं।
पीछा कर पत्नी की आंख में दागीं दो गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों व ग्रामीणों के अनुसार, हैवानियत की हद पार करते हुए अपराधियों ने भाग रही किरण देवी का पीछा किया और घर की दहलीज तक पहुंचते-पहुंचते उन्हें घेर लिया। इसके बाद अपराधियों ने बेहद नजदीक से उनकी आंख में दो गोलियां मार दीं, जिससे किरण देवी की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए अपराधी बड़ी आसानी से मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, शव उठाने से रोका
सुबह-सुबह दोहरे हत्याकांड की खबर जैसे ही गांव में फैली, घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। आक्रोशित लोगों ने दोनों शवों को घेर लिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शव उठाने से रोक दिया। ग्रामीणों का साफ कहना है कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती और पीड़ित परिवार को न्याय का ठोस भरोसा नहीं मिलता, तब तक शवों को पोस्टमार्टम के लिए नहीं जाने दिया जाएगा।
-1792649900118.webp)
2 दिन पहले गायब हुई थी भतीजी
ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आक्रोश जताया। लोगों का कहना था कि महज दो दिन पहले ही मृतक रंजन के भाई की ढाई वर्षीय मासूम बच्ची रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गई थी। परिजनों ने थाने में गुहार लगाई, लेकिन पुलिस अब तक उस मासूम बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा पाई।
ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि एक तरफ मासूम बच्ची का अता-पता नहीं है और दूसरी तरफ बेखौफ अपराधियों ने सरेआम दुकान में घुसकर दंपति की हत्या कर दी। यह सीधे तौर पर पुलिसिया विफलता और अपराधियों के बुलंद हौसले को दर्शाता है।
जांच में जुटी कई थानों की फोर्स
घटना की संवेदनशीलता और तनाव को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) सयम रजा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस्माइलपुर और गोपालपुर थाने की पुलिस टीम भी घटनास्थल पर कैंप कर रही है। एएसपी सयम रजा और अन्य पुलिस अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर खोखे बरामद किए हैं और आसपास के रास्तों व इनपुट्स के आधार पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है।
