विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोबाइल पर लगातार आए ऐसे OTP कि फोन हो गया स्विच ऑफ, फिर बैंक खाते से उड़ गए 99 हजार

Published: Sun, 01 Nov 2026 06:59 AM (IST)

Cyber Crime नवगछिया में साइबर अपराधियों ने एक नया तरीका अपनाकर सधुआ गांव निवासी भवेश कुमार की पत्नी के बैंक ...और पढ़ें

Cyber Crime नवगछिया में महिला के खाते से 99 हजार की ठगी

Cyber Crime नवगछिया में महिला के खाते से 99 हजार की ठगी

HighLights

  1. नवगछिया में साइबर फ्रॉड से 99 हजार रुपये की ठगी।

  2. लगातार OTP आने से मोबाइल हैंग, फिर बैंक से निकासी।

  3. पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और थाने में शिकायत दर्ज कराई।

संवाद सहयोगी, नवगछिया (भागलपुर)। Cyber Crime साइबर अपराधियों ने आम नागरिकों की गाढ़ी कमाई उड़ाने के लिए अब तकनीकी सेंधमारी का नया तरीका अख्तियार कर लिया है। ताजा मामला नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां सधुआ गांव निवासी भवेश कुमार साइबर फ्रॉड का शिकार बन गए।

शातिरों ने उनके मोबाइल फोन को तकनीकी रूप से हैंग कर उनकी पत्नी के बैंक खाते से कुल 99 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली। पीड़ित ने इस संबंध में नवगछिया साइबर थाने में लिखित आवेदन देकर राशि की रिकवरी और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

आवेदन में दी गई जानकारी के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे की है। भवेश कुमार अपने घर पर मौजूद थे, तभी अचानक उनके मोबाइल नंबर पर एक के बाद एक लगातार ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) आने लगे। जब तक वे कुछ समझ पाते, उनके स्मार्टफोन की स्क्रीन पूरी तरह फ्रीज हो गई और फोन ने काम करना बंद कर दिया।

दो बार में उड़े 49,500-49,500 रुपये

मोबाइल पुनः सामान्य होने पर जब भवेश ने संदेह के आधार पर बैंक खाते का विवरण चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। उनकी पत्नी मोनिका कुमारी के नाम पर यूको बैंक की चापर शाखा में संचालित खाते से 49,500-49,500 रुपये की दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 99,000 रुपये ट्रांसफर कर लिए गए थे।

पीड़ित ने बताया कि इस बैंक खाते का संचालन वे स्वयं करते हैं और उन्होंने किसी भी व्यक्ति के साथ कोई वित्तीय गोपनीय विवरण या ओटीपी साझा नहीं किया था।

1930 पर दर्ज कराई गई शिकायत, पुलिस जांच में जुटी

खाते से अवैध निकासी का अहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई, जिसका पावती (रजिस्ट्रेशन) संख्या 20510260076234 है। इसके बाद उन्होंने विधिवत रूप से साइबर थाने को घटना से अवगत कराया।

इधर, नवगछिया साइबर थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ित द्वारा आवेदन प्राप्त हो गया है। पुलिस संबंधित बैंक और नोडल अधिकारियों के सहयोग से उस बैंक खाते और वॉलेट की तकनीकी जांच कर रही है, जहां यह राशि स्थानांतरित की गई है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अवांछित ओटीपी आने या फोन में अचानक तकनीकी गड़बड़ी दिखने पर तत्काल सतर्क हो जाएं और अपने बैंक खातों को फ्रीज कराएं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।