बारिश में नाले की उड़ाही ने बिगाड़ दी सड़कों की सूरत
मानसून की बारिश शुरू होने के बाद नगर निगम नालों की उड़ाही करा रहा है। इसके चलते शहर के कई मुहल्ले नरक में तब्दील हो गए हैं।
भागलपुर। मानसून की बारिश शुरू होने के बाद नगर निगम नालों की उड़ाही करा रहा है। इसके चलते शहर के कई मुहल्ले नरक में तब्दील हो गए हैं। उड़ाही के बाद नाले की गाद सफाई कर्मी सड़क किनारे ही छोड़ दे रहे हैं। नतीजतन, बारिश के बाद सड़क और इसके आसपास गंदगी और सड़ांध फैल जाती है। लोगों का इधर से गुजरना मुश्किल हो जाता है।
गाद का उठाव नहीं होने से बढ़ी परेशानी
लॉकडाउन से पहले आंनद चिकित्सालय मार्ग के नाले की उड़ाही हुई थी, लेकिन एक माह बाद भी गाद का उठाव नहीं हुआ। सड़क पर गाद पसर जाने से लोगों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। भागलपुर स्टेशन चौक से एमपी द्विवेदी मार्ग तक नाला उड़ाही के बाद गाद का उठाव नहीं हुआ। सराय मार्ग में 12 दिनों से जगह-जगह गाद का ढेर पड़ा है। नाथनगर से चंपानगर मुख्य मार्ग के बीच पीपरपांती में एक सप्ताह पहले नाले की उड़ाही हुई थी, लेकिन उठाव नहीं होने की वजह से नाले में मलवा जमा हो गया।
उड़ाही के प्रति उदासीन निगम
शहर के पश्चिमी क्षेत्र नाथनगर में 90 फीसद नालों की उड़ाही नहीं हुई। चंपा नदी के तटवर्ती क्षेत्र चंपानगर में सबसे अधिक बाढ़ व जलभराव की समस्या बनी रहती है। निगम ने चंपा पुल से केबीलाल रोड व सरदारपुर- विषहरी मंदिर मार्ग में ही नाले की उड़ाही कर पाया है। जबकि मोहल्ले के अधिकांश नालों की उड़ाही का कोई कार्ययोजना नहीं है। जवारीपुर से जेल मार्ग में नालों की उड़ाही दो दिन पहले शुरू हुई है।
सेफ्टी नियमों का नहीं होता पालन
शहर में सेफ्टी नियमों को ताक पर रखकर सफाई कर्मियों से कार्य कराया जा रहा है। न्यायालय के निर्देशों की भी अनदेखी की जा रही है। सोमवार को इशाकचक मार्ग में नंगे पांव व हाथ के नाले की उड़ाही कराई जा रहा है। मजदूरों से बगैर बूट, दस्ताना व सेफ्टी ड्रेस के नगर निगम कार्य करवा रहा है।
यहा नहीं हुआ जलजमाव का निदान
सैंडिस कंपाउंड के सामने से होकर गुजरने वाले हथिया नाला की नियमित सफाई नहीं होने का खामियाजा नवाबबाग कॉलोनी वासियों को भुगतना पड़ रहा है। सैंडिस कंपाउंड का पानी नवाबबाग कॉलोनी होकर गुजरती है। जिससे मोहल्ले की सड़कों पर कीचड़ का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस लाइन मार्ग में नाला निर्माण नहीं होने से निकासी की समस्या है।
इन मार्गो की नारकीय स्थिति
इशाकचक से मिरजानहाट की सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बनी रहती। लोहिया पुल के नीचे, लोहापट्टी मार्ग और कलाली गली में जलजमाव व कीचड़ ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। वहीं भोलानाथ और बौंसी रेलवे अंडरपास में जलजमाव की समस्या का स्थाई निदान नहीं होने से दक्षिणी क्षेत्र में आवागमन की समस्या बनी हुई है।