सृजन घोटाला : कौन हैं मुन्ना सिंह, जो अमित और प्रिया के घर से वसूल रहे थे किराया Bhagalpur News
जब सीबीआई टीम को जानकारी मिली कि मुन्ना सिंह किराया वसूल रहा है तो उन लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। लेकिन अब तक वह सीबीआई की पकड़ से दूर है।
भागलपुर [जेएनएन]। सृजन संस्था द्वारा 21 सौ करोड़ से ज्यादा सरकारी राशि का घोटाला उजागर होने के बाद भी मुन्ना सिंह नाम का व्यक्ति आरोपित मनोरमा देवी के घर रह रहे लोगों से किराया वसूल रहा था। तिलकामांझी के न्यू विक्रमशिला स्थित प्राणवती लेन वाले एक मकान में चार परिवार रह रहे हैं, जो प्रत्येक माह सात हजार रुपये किराया दे रहे थे। तब मनोरमा देवी जीवित थी। घोटाला उजागर होने के बाद मुन्ना सिंह नाम का व्यक्ति किराया लेने लगा। किराएदार गौतम कुमार ने बताया कि छह माह पहले से उनलोगों ने किराया देना बंद किया है।
आयकर अधिकारियों ने कहा मत दें किराया
किराएदारों ने बताया कि करीब छह माह पहले आयकर अधिकारियों की एक टीम घर पर पहुंची थी। उनलोगों ने करीब ढाई घंटे तक रहकर घर की छानबीन की। इसके बाद उन लोगों से पूछताछ की। वे 2005 से उस घर में किराएदार रह रहे हैं। किराएदारों ने जब मुन्ना सिंह को किराया देने की बात कही तो अधिकारियों ने उनलोगों को कहा कि वे किसी को भी किराया नहीं दें। तब से उनलोगों ने किराया देना बंद कर दिया। अधिकारी मनोरमा देवी के अन्य घरों पर भी गए थे।
सीबीआई को है मुन्ना सिंह की तलाश
जब सीबीआई टीम को जानकारी मिली कि मुन्ना सिंह किराया वसूल रहा है तो उन लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। लेकिन अब तक वह सीबीआई की पकड़ से दूर है। इस बात की प्रबल आशंका है कि मुन्ना घोटाले की मास्टरमाइंड मनोरमा देवी का करीबी था। घोटाला उजागर होने के बाद भी वह अमित व प्रिया कुमार के संपर्क में था। आशंका है कि वह उन लोगों की चल-अचल संपत्ति के बारे में काफी जानकारी रखता है।